मुंबई को हराने के बाद भी संतुष्ट नहीं रजत पाटीदार, दिया बड़ा बयान

0

नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आखिरी गेंद पर मुंबई इंडियंस को हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। यह मैच इस सीजन के सबसे दिलचस्प मुकाबलों में शामिल रहा। अंतिम गेंद पर टीम को जीत के लिए दो रन चाहिए थे और आठ विकेट गिर चुके थे। ऐसे मुश्किल समय में निचले क्रम के बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी निभाते हुए टीम को जीत दिलाई। इस जीत के साथ आरसीबी अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंच गई, जबकि मुंबई इंडियंस की प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं। हालांकि इतनी बड़ी जीत के बावजूद कप्तान रजत पाटीदार पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आए।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मैच के बाद रजत पाटीदार ने बड़ा बयान देते हुए बताया कि आखिर क्यों उन्हें लगा कि उनकी टीम इस जीत की हकदार नहीं थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने इशारों-इशारों में अपने मजबूत बल्लेबाजी क्रम पर सवाल उठाए और कहा कि इतने छोटे लक्ष्य को इस तरह के बैटिंग लाइनअप को आसानी से हासिल कर लेना चाहिए था। पाटीदार ने माना कि मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने शानदार संघर्ष किया और आखिरी तक मुकाबले को जिंदा रखा। हालांकि इस सीजन पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए किस्मत शायद साथ नहीं दे रही है, क्योंकि कई करीबी मुकाबलों में भी टीम को हार का सामना करना पड़ा है।

जीत के बाद भी निराश दिखे रजत पाटीदार

रजत पाटीदार ने मैच के बाद अपने गेंदबाजों और विपक्षी टीम मुंबई के गेंदबाजों की तारीफ की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा,”मुझे लगता है कि गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्हें (मुंबई को) 166 रन पर रोकने के बाद मैं यही कहूंगा कि यह लक्ष्य आसानी से चेज करने वाला था, लेकिन ईमानदारी से कहूंगा कि, मुझे लगता है कि हम यह मैच जीतने के हकदार नहीं थे। क्योंकि हमारे पास मजबूत और स्किल फुल बैटिंग लाइनअप है। इससे फर्क नहीं पड़ा कि क्या कंडीशन थीं और कैसी पिच थी, हम ऐसे लक्ष्य आसानी से चेज करने के लिए सक्षम हैं।”

कप्तान रजत पाटीदार ने मैच के बाद अंकतालिका और प्लेऑफ के समीकरण को लेकर भी अपनी राय रखी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “फिलहाल हमारा पूरा फोकस पॉइंट्स टेबल पर नहीं है। हमारी कोशिश सिर्फ अपनी क्षमता के अनुसार अच्छा क्रिकेट खेलने की है, ना कि लगातार गणित पर ध्यान देने की।” इसके अलावा पाटीदार ने अर्धशतक जड़ने वाले क्रुणाल पंड्या को नंबर-5 पर भेजने का फैसला पूरी टीम की रणनीति बताया। वहीं इस सीजन 21 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम कर चुके भुवनेश्वर कुमार की भी उन्होंने जमकर सराहना की और उनकी गेंदबाजी को टीम की बड़ी ताकत बताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here