आईपीएल में कोचों का गुस्सा पड़ा भारी, मुनाफ-नेहरा से लेकर आमरे तक पर लगा जुर्माना

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में रविवार (10 मई) को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए रोमांचक मुकाबले के दौरान एंडी फ्लावर पर मैच अधिकारियों से बहस करने के कारण जुर्माना लगाया गया। हालांकि आईपीएल में किसी कोच पर कार्रवाई का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले आशीष नेहरा और मुनाफ पटेल जैसे दिग्गज भी नियमों के उल्लंघन के चलते सजा झेल चुके हैं। दरअसल, टी20 क्रिकेट और खासकर आईपीएल में समय के साथ कोचों की भूमिका काफी आक्रामक और सक्रिय हो गई है, जिसके कारण कई बार मैदान पर तनाव और विवाद की स्थिति भी देखने को मिलती है।

पहले क्रिकेट टीमों के कोच ड्रेसिंग रूम की बालकनी, नोट्स बनाते और खिलाड़ियों से बातचीत करने तक सीमित रहते थे। डगआउट के इस्तेमाल के साथ उनका काम कुछ-कुछ फुटबॉल के मैनेजरों की तरह हो गया है। ऐसा खासकर आईपीएल में देखने को मिलता है। कप्तान कोई भी फैसला लेने से पहले कोच की ओर देखता है। आशीष नेहरा जैसा कोच तो बाउंड्री लाइन से पूरा मैच ही कंट्रोल करता है। यही कारण के है आईपीएल के बीते कुछ सीजन में कोचों पर भी अनुचित व्यवहार के लिए जुर्माना लग चुका है। आइए जानते हैं इनके बारे में

आशीष नेहरा

आईपीएल 2025 में वानखेड़े स्टेडियम पर मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान बड़ा विवाद देखने को मिला था। बारिश के कारण मैच रुक गया था और अगर आगे खेल नहीं होता तो मुंबई इंडियंस जीत सकती थी। कट-ऑफ टाइम तेजी से करीब आ रहा था, ऐसे में गुजरात टाइटंस चाहती थी कि ग्राउंडस्टाफ जल्द से जल्द मैदान तैयार करे ताकि कम से कम एक ओवर और खेला जा सके। इसी दौरान टीम के कोच आशीष नेहरा की ग्राउंडस्टाफ और मैच अधिकारियों से तीखी बहस हो गई। इस घटना के बाद नेहरा पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और साथ ही उन्हें डिमेरिट पॉइंट्स भी दिए गए। हालांकि, तमाम विवादों के बीच गुजरात टाइटंस ने मुकाबला अपने नाम कर लिया था।

मुनाफ पटेल

आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच सुपर ओवर में चला गया था। इस मैच के दौरान मुनाफ पटेल पर मैच फीस का 25% का जुर्माना लगाया गया और डिमेरिट पॉइंट भी मिले। हालांकि आईपीएल ने यह नहीं बताया कि मुनाफ की गलती क्या थी, लेकिन उन्हें एक मैच अधिकारी से बहस करते हुए देखा गया, जब उन्हें मैसेज देने के लिए एक रिजर्व खिलाड़ी को मैदान में भेजने की इजाजत नहीं दी गई। दिल्ली यह मैच जीत गई।

कीरोन पोलार्ड

आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड और टिम डेविड को न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच फीस का 20% जुर्माना लगाया गया। डगआउट से दोनों ने सूर्यकुमार यादव को वाइड के लिए रिव्यू लेने का इशारा किया था। रिव्यू मान लिया गया और मुंबई इंडियंस के पक्ष में फैसला मिला। बाद में आईपीएल ने इस घटना की ब्रॉडकास्टर से फुटेज मांगी और पाया कि पोलार्ड और डेविड ने सूर्यकुमार से रिव्यू लेने के लिए कहा था। आईपीएल नियमों के अनुसार दोनों बैटर रिव्यू लेने से पहले एक-दूसरे से सलाह ले सकते हैं, लेकिन बाहर से मदद नहीं ले सकते।

प्रवीण आमरे

आईपीएल 2022 में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच के दौरान अलग ही ड्रामा देखने को मिला। तब दिल्ली कैपिटल्स के तत्कालिन सहायक कोच प्रवीण आमरे को एक मैच के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया। वह मैच के दौरान मैदान पर पहुंच गए थे। ऑन-फील्ड अंपायर नितिन मेनन और निखिल पटवर्धन से बात करते हुए देखा गया। दिल्ली कैपिटल्स 222 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। आखिरी ओवर की तीसरी गेंद के बाद का यह मामला है। ओबेद मैककॉय की हाई फुलटॉस गेंद को रोवमैन पॉवेल ने छक्के जड़ा। इसे नोबॉल नहीं दिया गया। दिल्ली कैपिटल्स ने इसका विरोध किया। पॉवेल और नॉन-स्ट्राइकर कुलदीप यादव ने अंपायरों से इसके बारे में पूछा। तब दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने बल्लेबाजों को वापस आने का इशारा कर दिया। फिर पंत ने आमरे से अंपायर से जाकर बात करने के लिए कहा। पंत और आमरे दोनों पर 100% मैच फीस का जुर्माना लगाया गया, लेकिन आमरे को बैन भी भुगतना पड़ा।

एंडी फ्लावर

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कोच एंडी फ्लावर पर आईपीएल आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन के तहत मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। आरसीबी की पारी के 18वें ओवर में एंडी फ्लावर को फोर्थ अंपायर के साथ आक्रामक अंदाज में बहस करते हुए देखा गया। दरअसल, क्रुणाल पंड्या के शॉट पर नमन धीर ने बाउंड्री के पास कैच लपका और गेंद तिलक वर्मा की ओर फेंकी। उस समय ऐसा लगा कि नमन का जूता सीमा रेखा से छू गया था, लेकिन रिप्ले में साफ हुआ कि ऐसा नहीं हुआ था। इसी फैसले को लेकर फ्लावर और फोर्थ अंपायर के बीच तीखी बहस देखने को मिली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here