नई दिल्ली : आईपीएल 2026 का 55वां मुकाबला पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला गया। इस मैदान पर मौजूदा सीजन का यह पहला मुकाबला था। पंजाब किंग्स के लिए यह सीजन का 11वां मैच रहा, जबकि दिल्ली कैपिटल्स अपनी 12वीं भिड़ंत खेलने उतरी थी। मैच में टॉस अक्षर पटेल ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया।
प्रियांश और अय्यर की दमदार फिफ्टी से चमकी टीम
उसके बाद पहले खेलते हुए पंजाब किंग्स को प्रियांश आर्या ने अच्छी शुरुआत दिलाई और 33 गेंद पर 56 रन की पारी खेली। उनके साथी ओपनर और इन फॉर्म बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह 18 रन ही बना पाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 59 रन की पारी खेली। कूपर कोनोली ने 38 और अंत में सूर्यांश शेडगे ने 8 गेंद पर 21 रन ठोकते हुए स्कोर 20 ओवर में 5 विकेट पर 210 तक पहुंचा दिया।
211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत डगमगा गई और 34 रन पर ही तीन विकेट गिर गए। ट्रिस्टन स्टब्स ने भी निराश किया और 17 गेंद पर 12 रन बनाकर रनआउट हो गए। 74 रन पर चार खिलाड़ी पवेलियन लौट चुके थे। फिर एक बार टीम के संकटमोचक बने डेविड मिलर और कप्तान अक्षर पटेल ने भी धूम मचाई। अक्षर ने 30 गेंद 56 और मिलर ने 28 गेंद 51 रन बनाकर टीम को संभाल लिया।
अंत में आशुतोष शर्मा 10 गेंद 24 रन, माधव तिवारी 8 गेंद नाबाद 18 और आकिब नबी दार 2 गेंद 10 रन नाबाद रहते हुए बनाए। निचले क्रम की इस तिकड़ी ने टीम को 19 ओवर में ही लक्ष्य के पार पहुंचा दिया। इस तरह दिल्ली ने 19 ओवर में ही 7 विकेट खोकर 216 रन बना लिए और पंजाब किंग्स को 3 विकेट से करारी शिकस्त दी।
लगातार चौथी हार से पंजाब किंग्स पर बढ़ा दबाव
पंजाब किंग्स को आईपीएल 2026 में लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा। इस शिकस्त के बाद टीम के लिए प्लेऑफ की राह और मुश्किल होती नजर आ रही है। दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल इतिहास का अपना दूसरा सबसे सफल रन चेज पूरा किया। खास बात यह रही कि धर्मशाला में 200 से ज्यादा रन का यह पहला सफल रन चेज भी बना। इस मुकाबले के बाद अंकतालिका में पंजाब किंग्स 11 मैचों में 6 जीत, 4 हार और एक बेनतीजा मैच के साथ 13 अंकों पर चौथे स्थान पर है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने सीजन के अपने 12वें मुकाबले में पांचवीं जीत दर्ज करते हुए 10 अंक हासिल कर लिए।


