एनएसटी न्यूज, भोपाल। Vishvas Kailash Sarang ने मंगलवार को टीटी नगर स्टेडियम में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर ‘आरोह-2026’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समग्र विकास का माध्यम भी हैं। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि इस वर्ष शिविर को नया स्वरूप और नया नाम देते हुए युवाओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष फोकस किया गया है। उन्होंने बताया कि “आरोह” का अर्थ निरंतर आगे बढ़ना है और इसी सोच के साथ विद्यार्थियों को खेल कौशल के साथ जीवन कौशल भी सिखाए जाएंगे।
मंत्री सारंग ने कहा कि शिविर में खेल प्रशिक्षण के अलावा फिटनेस एवं स्वास्थ्य जागरूकता, व्यक्तित्व एवं नेतृत्व विकास, सांस्कृतिक गतिविधियां, नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता और करियर मार्गदर्शन जैसी गतिविधियां भी शामिल की गई हैं। उनका कहना था कि सरकार ऐसी युवा पीढ़ी तैयार करना चाहती है जो शारीरिक रूप से मजबूत, मानसिक रूप से संतुलित और सामाजिक रूप से जिम्मेदार हो। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के समग्र विकास को सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मलखंभ और रस्साकस्सी की प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों और अभिभावकों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अपर सचिव Ajay Shrivastava, संचालक Anshuman Yadav, संयुक्त संचालक B. S. Yadav सहित विभागीय अधिकारी, बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे।


