सबसे तेज गेंद फेंकने वाले गेंदबाज की वर्ल्ड कप के लिए धमाकेदार वापसी

0

नई दिल्ली : शबनिम इस्माइल ने मंगलवार (12 मई 2026) को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास का फैसला वापस लेते हुए बड़ा कदम उठाया है। इसके साथ ही उनकी वापसी दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम में भी हो गई है और उन्हें 12 जून से 5 जुलाई तक होने वाले महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। लॉरा वोलवार्ट की कप्तानी वाली इस टीम में 37 वर्षीय इस्माइल की मौजूदगी से गेंदबाजी आक्रमण और भी मजबूत हो गया है। अपनी रफ्तार के लिए मशहूर इस्माइल को महिला क्रिकेट की सबसे तेज गेंदबाजों में गिना जाता है, जिससे टीम को बड़े मुकाबलों में अतिरिक्त बढ़त मिलने की उम्मीद है।

शबनिम इस्माइल का 2023 का संन्यास फैसला

शबनिम ने दक्षिण अफ्रीका की तरफ से अपना आखिरी इंटरनेशनल टी20 मैच फरवरी 2023 में केपटाउन में टी20 विश्व कप के फाइनल के रूप में खेला था। इस्माइल ने अभी तक 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 123 विकेट लिए हैं जो दक्षिण अफ्रीका की तरफ से रिकॉर्ड आंकड़ा है। उन्होंने 2023 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था लेकिन टी20 लीग WPL, बिग बैश और द हंड्रेड में वह खेल रही थीं।

शबनिम इस्माइल के नाम महिला क्रिकेट की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। शबनिम ने WPL में 5 मार्च 2024 को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 132.1 किमी/घंटा (82.08 मील प्रति घंटा) की रफ्तार से गेंद डाली थी। महिला क्रिकेट के इतिहास में यह सबसे तेज गेंद दर्ज हुई। वह उस सीज में मुंबई इंडियंस का हिस्सा थीं। शबनिम के साथ तेज गेंदबाजी विभाग संभालने के लिए मारिजान कैप और डेन वैन नीकेर्क को भी टीम में शामिल किया गया है। विकेटकीपर-बल्लेबाज कराबो मेसो भी कलाई की चोट से उबरकर वापसी कर रही हैं। सिनालो जाफ्ता टीम की अन्य विकेटकीपर हैं। दक्षिण अफ्रीका की अंडर-19 महिला टीम की पूर्व कप्तान कायला रेनेके को भी टीम में जगह मिली है।

दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम की टीम में इस बार कई अनुभवी और युवा खिलाड़ियों को जगह मिली है, जिनमें तैजमिन ब्रिट्स, सुने लुस, एनेरी डेर्कसेन, नादिन डी क्लर्क, क्लोए ट्रायोन, अयाबोंगा खाका, टुमी सेखुखुने और नॉनकुलुलेको मलाबा शामिल हैं। पिछले तीन आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंचने वाली यह टीम आगामी महिला टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप ए में 13 जून को ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका का सामना पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम, भारतीय महिला क्रिकेट टीम, नीदरलैंड्स महिला क्रिकेट टीम और बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम से होगा।

टी20 वर्ल्ड कप के लिए साउथ अफ्रीका महिला टीम का स्क्वाड

लॉरा वोल्वार्ट (कप्तान), तैजमिन ब्रिट्स, नादिन डी क्लार्क, एनेरी डर्कसन, शबनिम इस्माइल, सिनालो जाफ्टा (विकेटकीपर), मारीजान कैप, अयाबोंगा खाका, सुने लूस, कराबो मेसो (विकेटकीपर), नोनकुलेको म्लाबा, कायला रेनेके, तुमी सेखुखुने, क्लोए ट्रायन, डाने वान नीकेर्क।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here