नई दिल्ली : गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) का 56वां मुकाबला मंगलवार, 12 मई 2026 को खेला गया। इस मैच में गुजरात टाइटंस ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से करारी शिकस्त दी। आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की यह लगातार पांचवीं जीत है। गुजरात टाइटंस अब आईपीएल 2026 की अंक तालिका में पहले स्थान पर है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद तीसरे स्थान पर बनी हुई है।
लगातार पांचवीं जीत के बाद गुजरात टाइटंस के अब 12 मैच में 16 अंक हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के 12 मैच में 14 अंक हैं। गत चैंपियन आरसीबी के 11 मैच में 14 अंक हैं। आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की दौड़ अब बेहद रोमांचक होती गई है। सभी की नजरें अब शीर्ष सात टीमों पर टिकी हैं। आज यानी 13 मई 2026 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला होगा। अगर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) जीत जाती है तो वह फिर से शीर्ष पर पहुंच जाएगी।
सनराइजर्स हैदराबाद सिर्फ 86 रन पर ऑलआउट
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने मंगलवार रात अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेले गए मैच में टॉस जीता और फील्डिंग चुनी। साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर के अर्धशतकों की मदद से शुभमन गिल की अगुआई वाली गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 168 रन बनाये। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद 14.5 ओवर में 86 रन पर ढेर हो गई।
SRH ने 60 रन पर गंवा दिए 7 विकेट
एक समय सनराइजर्स हैदराबाद ने महज 60 रन पर ही 7 विकेट गंवा दिये थे। कगिसो रबाडा प्लेयर ऑफ द मैच चुने गये। कगिसो रबाडा ने सनराइजर्स हैदराबाद के शीर्ष क्रम की बखिया उधेड़ते हुए 4 ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि जेसन होल्डर ने 4 ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट चटकाये। प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन ओवर में 23 रन देकर दो विकेट चटकाये। मोहम्मद सिराज ने पहला ओवर ही मेडन डालते हुए ट्रैविस हेड का अहम विकेट लिया। ट्रैविस हेड लगातार तीन गेंदों पर बीट होने के बाद चौथी गेंद पर निशांत सिंधू को आसान कैच थमा बैठे। मोहम्मद सिराज के हिस्से भले ही एक विकेट आया हो, लेकिन उन्होंने तीन ओवर में सिर्फ 11 रन दिये।
अभिषेक शर्मा (छह) को कगिसो रबाडा ने ही पवेलियन की राह दिखाई। इशान किशन (11) ने चौथे ओवर में विकेट के पीछे कैच थमाया। कगिसो रबाडा ने अपने आखिरी ओवर में स्मरण रविचंद्रन को मिड ऑन पर शुभमन गिल के हाथों लपकवाया। उस समय सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 5.5 ओवर में 4 विकेट पर 32 रन था। हेनरिक क्लासेन 11 रन बनाकर जेसन होल्डर का शिकार बने। हेनरिक क्लासेन का कैच विकेट के पीछे जोस बटलर ने लपका। जेसन होल्डर ने ही नितिश कुमार रेड्डी (दो) का भी विकेट लिया।
साई ने 61 और सुंदर ने 50 रन बनाए
इससे पहले साई सुदर्शन 44 गेंद में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 61 रन बनाये। वॉशिंगटन सुंदर ने 33 गेंद में सात चौकों और एक छक्के के साथ 50 रन की पारी खेली। सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाजों ने गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों को दबाव में रखा। छह ओवर के बाद गुजरात टाइटंस का स्कोर दो विकेट पर 34 रन ही था। यह इस सीजन पावरप्ले में उसका सबसे कम स्कोर है।
पावरप्ले के बाद गुजरात टाइटंस का छक्कों से जवाब
गुजरात टाइटंस की पारी का पहला छक्का पावरप्ले के बाद आया। शुभमन गिल (5 रन) को किस्मत का साथ मिला, क्योंकि दूसरे ओवर में नितीश कुमार रेड्डी उनका रिटर्न कैच पकड़ने में नाकाम रहे। हालांकि, अगले ही ओवर में प्रफुल्ल हिंगे की गेंद पर शुभमन गिल ज्यादा देर टिक नहीं सके और मिड ऑन पर हेनरिक क्लासेन को कैच थमा बैठे।
दबाव के बीच साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर ने काबिले तारीफ प्रदर्शन किया। साई सुदर्शन को संयम का फायदा मिला। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने चौथे विकेट के लिए वॉशिंगटन सुंदर के साथ 60 रन की साझेदारी की। मुंबई इंडियंस के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद इस पिच पर 100 रन पर ऑलआउट हो गई थी। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए प्रफुल्ल हिंगे ने तीन ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि कप्तान पैट कमिंस ने चार ओवर में 20 रन देकर एक विकेट झटका। प्रफुल्ल हिंगे ने खतरनाक होते दिख रहे जोस बटलर (सात) को भी सस्ते में आउट किया। जोस बटलर का कैच विकेट के पीछे इशान किशन ने लपका।
निशांत सिंधू ने अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने नितीश कुमार रेड्डी के खिलाफ छक्का लगाया और प्रफुल्ल हिंगे की गेंदों पर दो चौके भी जड़े, लेकिन वह 14 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हो गए। इसके अलावा साकिब हुसैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर को पवेलियन भेजकर मैच में अहम भूमिका निभाई।


