नेशंस कप से पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी भारतीय महिला हॉकी टीम

0

नई दिल्ली : भारतीय महिला हॉकी टीम अगले महीने एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप की तैयारियों के तहत 21 मई से 3 जून तक ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी। इस दौरान भारतीय टीम चार मैचों की सीरीज खेलेगी। नेशंस कप की विजेता टीम को प्रतिष्ठित एफआईएच प्रो लीग में जगह मिलती है। पिछले साल प्रो लीग से बाहर होने के बाद भारत के लिए दोबारा इस टूर्नामेंट में एंट्री पाने हेतु नेशंस कप जीतना बेहद अहम माना जा रहा है। एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप का आयोजन 15 से 21 जून तक ऑकलैंड में होगा। उससे पहले भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने सभी चार मुकाबले पर्थ हॉकी स्टेडियम में खेलेगी।

भारतीय महिला हॉकी टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबले 26, 27, 29 और 30 मई को खेले जाएंगे। इसके बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड के लिए रवाना होगी। भारतीय महिला टीम ने इस साल की शुरुआत में अर्जेंटीना दौरे पर शानदार प्रदर्शन किया था, जहां उसने चार में से दो मुकाबले अपने नाम किए थे। इसके बाद से टीम बेंगलुरु में राष्ट्रीय शिविर के दौरान लगातार तैयारी कर रही है। टीम की ड्रैग-फ्लिकर खिलाड़ी आनंदना और कोका-कोला इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से 26 मई से 21 जून तक पर्थ और ऑकलैंड में एक विशेष ड्रैग-फ्लिक प्रशिक्षण क्लिनिक भी आयोजित किया जाएगा। इसमें ताएके ताएकेमा की देखरेख में खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शोर्ड मारिन ने कहा, “मुझे बेहद खुशी है कि हॉकी इंडिया ने इस दौरे का आयोजन किया। इससे हमें अपनी कमजोरियों को पहचानने और उनमें सुधार करने का अच्छा मौका मिलेगा। साथ ही खिलाड़ियों को अलग परिस्थितियों के साथ सामंजस्य बिठाने में भी मदद मिलेगी।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here