इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम डॉसन ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से लिया संन्यास

0

लंदन। इंग्लैंड और हैम्पशायर के अनुभवी ऑलराउंडर लियाम डॉसन ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से तत्काल प्रभाव से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। 36 वर्षीय डॉसन ने अपने 20 साल लंबे करियर में 200 से अधिक फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 10 हजार से ज्यादा रन बनाए और 380 विकेट हासिल किए। डॉसन ने इंग्लैंड के लिए चार टेस्ट मैच भी खेले और 2024 में प्रोफेशनल क्रिकेटर्स एसोसिएशन अवॉर्ड्स में प्लेयर ऑफ द ईयर चुने गए थे।

डॉसन ने कहा कि उन्होंने यह फैसला हल्के में नहीं लिया है, लेकिन व्हाइट-बॉल क्रिकेट में अपने करियर को लंबा बनाए रखने के लिए यह सही समय है। हालांकि वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट से दूर हो रहे हैं, लेकिन हैम्पशायर के लिए लिमिटेड ओवर क्रिकेट और द हंड्रेड में मैनचेस्टर ओरिजिनल्स की ओर से खेलना जारी रखेंगे। इसके अलावा इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीम में भी उनके खेलने की संभावना बनी हुई है।

हैम्पशायर क्रिकेट के निदेशक गाइल्स व्हाइट ने डॉसन को क्लब का शानदार खिलाड़ी बताते हुए कहा कि उनकी कमी टीम को लंबे समय तक महसूस होगी। डॉसन ने हैम्पशायर को कई व्हाइट-बॉल खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई और वह आधुनिक दौर में क्लब के लिए 200 से ज्यादा फर्स्ट क्लास मैच खेलने वाले इकलौते खिलाड़ी बने।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here