बारबाडोस. कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) की टीम बारबाडोस रॉयल्स अब फिर से अपने पुराने नाम बारबाडोस ट्राइडेंट्स के नाम से जानी जाएगी। फ्रेंचाइजी ने 2021 में अपना नाम बदलकर बारबाडोस रॉयल्स किया था, लेकिन अब टीम ने अपनी पुरानी पहचान और राष्ट्रीय रंगों में लौटने का फैसला किया है। टीम की नई जर्सी नीले और पीले रंग की होगी, जो बारबाडोस के राष्ट्रीय रंगों को दर्शाएगी।
फ्रेंचाइजी के इस बदलाव के साथ बारबाडोस सरकार भी टीम में अल्पांश निवेशक के रूप में शामिल होगी। यह कदम “वन बारबाडोस” पहल के तहत उठाया गया है, जिसका उद्देश्य क्रिकेट के जरिए देश की पहचान और गौरव को मजबूत करना है। यह बदलाव पुरुष और महिला दोनों टीमों पर लागू होगा। फ्रेंचाइजी प्रबंधन ने कहा कि टीम अब सिर्फ क्रिकेट फ्रेंचाइजी नहीं, बल्कि पूरे साल देश का प्रतिनिधित्व करने वाली राष्ट्रीय पहचान बनेगी।
बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया अमोर मोटली ने कहा कि टीम का पुराना नाम वापस लाना देश के आत्मविश्वास और गौरव का प्रतीक है। वहीं, रॉयल्स स्पोर्ट्स ग्रुप के मालिक मनोज बडाले ने कहा कि बारबाडोस क्रिकेट और पर्यटन के क्षेत्र में वैश्विक पहचान रखता है और टीम का लक्ष्य पुरुष एवं महिला दोनों सीपीएल खिताब जीतना है। 2026 सीपीएल सीजन की शुरुआत 8 अगस्त से होगी और बारबाडोस ट्राइडेंट्स अपना पहला मुकाबला 11 अगस्त को जमैका किंग्समेन के खिलाफ खेलेगी।


