lPL 2026: नवा रायपुर में कोहली का विराट शतक

0

रायपुर। (एनएसटी न्यूज़) रायपुर में बुधवार की रात सिर्फ एक आईपीएल मुकाबला नहीं खेला गया, बल्कि क्रिकेट प्रेमियों ने एक ऐसा पल जिया जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। बारिश, बादल, इंतजार और फिर विराट कोहली का विराट अवतार… शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हर पल रोमांच से भरा रहा।

10 साल बाद आईपीएल की वापसी से पहले ही रायपुर क्रिकेट के रंग में रंग चुका था, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के मुकाबले ने इस जुनून को नई ऊंचाई दे दी। मौसम बार-बार करवट बदल रहा था। कभी तेज धूप, कभी बादल और फिर बारिश ने मैच में रुकावट डाली, लेकिन स्टेडियम के बाहर और भीतर मौजूद हजारों फैंस का उत्साह बिल्कुल भी कम नहीं हुआ। हर किसी की नजर सिर्फ एक खिलाड़ी पर टिकी थी — विराट कोहली।

जैसे ही मुकाबला शुरू हुआ, रायपुर का स्टेडियम “कोहली… कोहली…” के नारों से गूंज उठा। पिछले दो मैचों में खाता तक नहीं खोल पाने वाले विराट ने इस बार बल्ले से ऐसा जवाब दिया, जिसने हर क्रिकेट फैन को झूमने पर मजबूर कर दिया। किंग कोहली ने सिर्फ 60 गेंदों में नाबाद 105 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 11 चौके और 3 शानदार छक्के शामिल रहे। हर चौके के साथ स्टेडियम में शोर बढ़ता गया और जब विराट ने अपना शतक पूरा किया, तो रायपुर जश्न में डूब गया।

यह सिर्फ एक सेंचुरी नहीं थी, बल्कि रिकॉर्ड्स की बारिश भी थी। विराट कोहली आईपीएल इतिहास में 9 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। इसी के साथ उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 14000 रन भी पूरे किए और सबसे कम पारियों में यह उपलब्धि हासिल कर क्रिस गेल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतते ही उन्होंने रोहित शर्मा के साथ आईपीएल में सबसे ज्यादा 21 बार यह सम्मान जीतने की बराबरी भी कर ली। मैच की बात करें तो कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 192 रन बनाए। लक्ष्य आसान नहीं था, लेकिन विराट कोहली ने इसे आसान बना दिया। उनकी कप्तानी जैसी जिम्मेदार पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 19.1 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ आरसीबी अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई और प्लेऑफ की दहलीज लगभग पार कर ली।

रायपुर अब आरसीबी के लिए “लकी ग्राउंड” बनता नजर आ रहा है। इससे पहले मुंबई इंडियंस के खिलाफ भी टीम ने यहां जीत दर्ज की थी और अब लगातार दूसरी जीत ने फैंस के विश्वास को और मजबूत कर दिया है।कई फैंस ने कहा कि उन्हें आरसीबी की जीत से ज्यादा खुशी विराट का शतक देखने की हुई। नवा रायपुर की इस रात ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब विराट कोहली का बल्ला बोलता है, तो सिर्फ रिकॉर्ड नहीं टूटते, करोड़ों दिल भी खुशी से झूम उठते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here