24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप में प्रथा राठौड़ और प्रार्थना सेन ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव
एनएसटी न्यूज, भोपाल। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश शासन के अंतर्गत संचालित Madhya Pradesh State Shooting Academy में आयोजित 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में मध्यप्रदेश की महिला निशानेबाज़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया। 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन (वुमेन) स्पर्धा में देशभर की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें अकादमी की खिलाड़ियों ने अपनी सटीक निशानेबाजी और आत्मविश्वास से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में अकादमी की खिलाड़ी प्रथा राठौड़ ने युथ महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार सफलता हासिल की। इसके साथ ही उन्होंने जूनियर वर्ग में रजत पदक भी अपने नाम किया, जबकि सीनियर वर्ग में छठा स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रार्थना सेन ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए युथ वर्ग में रजत पदक अर्जित किया और जूनियर वर्ग में पांचवां स्थान हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने यह साबित किया कि मध्यप्रदेश की खेल अकादमियां राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रतिभाएं तैयार कर रही हैं।
प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों, रेलवे, सेना और अन्य संस्थानों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं और वैज्ञानिक कोचिंग के दम पर अकादमी लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार कर रही है। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री Vishvas Kailash Sarang ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।


