नई दिल्ली : आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की जंग बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। गुजरात टाइटंस के पास शनिवार (16 मई) को प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करने का शानदार मौका था, लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हार ने उसका इंतजार बढ़ा दिया। अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास रविवार (17 मई) को प्लेऑफ में पहुंचने का मौका होगा। आरसीबी का सामना पंजाब किंग्स से है, जो लगातार पांच हार के बावजूद अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है।
अगर पंजाब किंग्स यह मुकाबला जीत लेती है, तो गुजरात टाइटंस की तरह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को भी प्लेऑफ के लिए इंतजार करना पड़ेगा। 60 मैचों के बाद आरसीबी ऐसी इकलौती टीम है, जो अब भी 20 अंकों तक पहुंच सकती है। वहीं गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के पास भी प्लेऑफ में जगह बनाने का मौका बना हुआ है। गुजरात के पास 18 अंकों तक पहुंचने के लिए अब सिर्फ एक मैच बचा है।
राजस्थान रॉयल्स के पास अब भी बचे हैं तीन अहम मुकाबले
सनराइजर्स हैदराबाद के पास दो मैच हैं। राजस्थान रॉयल्स के पास 3 मैच है। ये टीमें 18 अंक तक तभी पहुंच पाएंगी जब वह मैच न गंवाएं। प्लेऑफ की रेस में पंजाब किंग्स भी है। उसके 12 मैच में 13 अंक हैं। दोनों मैच जीतने पर वह 17 अंक तक पहुंच सकती है। चेन्नई सुपर किंग्स के 12 मैच में 12 अंक हैं। वह 16 अंक तक पहुंच सकती है।


