नई दिल्ली : न्यूजीलैंड के विस्फोटक ओपनर फिन एलन ने मिले दो जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए सिर्फ 35 गेंदों में 93 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी शानदार बल्लेबाजी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने शनिवार (17 मई) को खेले गए आईपीएल 2026 के 60वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 29 रन से हरा दिया। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में केकेआर की जीत ने प्लेऑफ की उसकी उम्मीदों को जिंदा रखा है। इस जीत के साथ टीम 11 अंकों के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है।
इस हार से गुजरात टाइटंस का लगातार पांच मैचों में जीत का सिलसिला भी टूट गया। उसका प्लेऑफ में पहुंचने का इंतजार भी बढ़ गया। वह16 अंक के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर है। बंगाल चुनाव के कारण लंबे समय बाद ईडन गार्डन में मैच हुआ और यहां रनवर्षा देखने को मिली। 6 बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़ा। केकेआर के लिए एलन के अलावा अंगकृष रघुवंशी (नाबाद 82 रन) और कैमरन ग्रीन (नाबाद 52 रन) की तीसरे विकेट के लिए महज 53 गेंद में 108 रन की नाबाद शतकीय साझेदारी से कोलकाता नाइट राइडर्स ने दो विकेट पर 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।


