नई दिल्ली : भारत और अफगानिस्तान के बीच आगामी सीरीज अगले महीने शुरू होने वाली है। हालांकि सीरीज में अभी समय बाकी है, लेकिन इसकी तैयारियां अभी से तेज हो गई हैं। इस दौरे में पहले एक टेस्ट मैच खेला जाएगा, जिसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज आयोजित की जाएगी। इसके लिए जल्द ही भारतीय टीम का ऐलान भी किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ऐसे में अब इस बात पर चर्चा शुरू हो गई है कि वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का संभावित स्क्वाड कैसा हो सकता है। रोहित शर्मा और विराट कोहली का खेलना लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन उनके साथ किन अन्य खिलाड़ियों को मौका मिलेगा, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।
जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को वनडे सीरीज से मिल सकता है आराम
सबसे पहले उन प्लेयर्स की बात करते हैं, जो इस सीरीज के दौरान आराम कर सकते हैं। इस बात की संभावना काफी कम है कि जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या इस सीरीज का हिस्सा हों। हार्दिक पांड्या चोटिल हैं और इसलिए वे आईपीएल के मैच भी नहीं खेल रहे हैं। ऐसे में आधे अधूरे फिट पांड्या सीरीज से बाहर रह सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जसप्रीत बुमराह वैसे तो फिट हैं, लेकिन आईपीएल में लगातार इतने मैच खेलने के बाद इस बात की संभावना कम है कि उन पर और लोड डाला जाए। उन्हें आराम दिया जा सकता है। वैसे तो अफगानिस्तान कोई इतनी मजबूत टीम तो है नहीं कि उसके लिए जसप्रीत बुमराह की जरूरत पड़े।
शुभमन गिल को मिल सकती है कप्तानी, रोहित शर्मा की फिटनेस पर नजर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस बीच ये पक्का है कि शुभमन गिल की इस सीरीज के दौरान भारतीय टीम कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। वे आईपीएल में अच्छा खेल रहे हैं और कप्तानी भी कमाल की कर रहे हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली का खेलना करीब करीब तय है, लेकिन पता चला है कि सेलेक्टर्स ये जरूर देखना चाहते हैं कि क्या रोहित शर्मा पूरे 50 ओवर की फील्डिंग के लिए पूरी तरह से फिट हैं कि नहीं। अब वे फिट हैं तो फिर मामला भी हिट है।
इन खिलाड़ियों को मिल सकता है टीम इंडिया में मौका
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शुभमन गिल, रोहित शर्मा और विराट कोहली के बाद श्रेयस अय्यर और केएल राहुल का इस सीरीज में शामिल होना लगभग तय माना जा रहा है। अगर हार्दिक पांड्या उपलब्ध नहीं होते हैं तो अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा और नितीश कुमार रेड्डी को टीम में जगह दी जा सकती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्पिन विभाग में कुलदीप यादव के रूप में एक अतिरिक्त विकल्प की जरूरत भारतीय टीम को रह सकती है। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज संभाल सकते हैं, जिनके साथ अर्शदीप सिंह और युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को भी मौका मिलने की संभावना है। इसके अलावा संजू सैमसन को बैकअप ओपनर के तौर पर टीम में शामिल किया जा सकता है। वहीं वॉशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल और प्रसिद्ध कृष्णा को भी स्क्वाड में जगह मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए संभावित टीम इंडिया: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, प्रसिद्ध कृष्ण।


