नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के आगामी श्रीलंका दौरे को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। लंबे समय से इस सीरीज का इंतजार कर रहे फैंस के लिए यह एक राहत भरी खबर है कि भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज अगस्त के दूसरे हिस्से में खेली जाएगी। यह श्रृंखला मौजूदा आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र का हिस्सा होगी, इसलिए दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका क्रिकेट (SLC) और बीसीसीआई ने टेस्ट सीरीज के लिए 15 अगस्त से 27 अगस्त तक का संभावित विंडो तय किया है। हालांकि दोनों टेस्ट मैचों की सटीक तारीखों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि इस प्रस्तावित शेड्यूल की जानकारी भारतीय टीम सहित सभी संबंधित पक्षों को दे दी गई है।
टी20 मुकाबलों की तारीखों पर सस्पेंस बरकरार
यह टेस्ट सीरीज लंका प्रीमियर लीग (LPL) के समाप्त होने के तुरंत बाद शुरू होगी। LPL का फाइनल 9 अगस्त को खेला जाना है, जिसके बाद श्रीलंका बोर्ड टेस्ट मुकाबलों की मेजबानी करेगा। हालांकि, इस दौरे में प्रस्तावित तीन T20I मुकाबलों को लेकर अब भी स्थिति साफ नहीं है। शुरुआत में इन मैचों को पिछले साल आए साइक्लोन डिटवाह पीड़ितों के लिए फंड जुटाने के उद्देश्य से आयोजित करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन सितंबर में भारतीय टीम के व्यस्त शेड्यूल के कारण इन मुकाबलों के लिए समय निकालना चुनौती बन सकता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दरअसल, सितंबर में भारत का बांग्लादेश दौरा प्रस्तावित है, जहां टीम को तीन ODI और तीन T20I मैचों की सीरीज खेलनी है। यह दौरा पिछले साल स्थगित हुई सीरीज का हिस्सा है, जिसे दोनों देशों के बीच तनाव के चलते टाल दिया गया था। अब कूटनीतिक रिश्तों में सुधार के संकेत मिलने के बाद इस सीरीज के होने की उम्मीद फिर से बढ़ गई है।
भारतीय टीम का शेड्यूल इस समय बेहद व्यस्त
इसके अलावा भारतीय टीम को सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज और नागोया एशियन गेम्स में भी हिस्सा लेना है। इस वजह से भारतीय क्रिकेट कैलेंडर इस समय काफी व्यस्त नजर आ रहा है। वहीं बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया इस समय आईसीसी प्रतिनिधिमंडल के साथ श्रीलंका दौरे पर मौजूद हैं, और उनका यह दौरा श्रीलंका क्रिकेट में चल रहे प्रशासनिक बदलावों के बीच काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका सरकार ने हाल ही में पुराने बोर्ड को भंग कर अंतरिम श्रीलंका क्रिकेट ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी का गठन किया है। गौरतलब है कि आईपीएल 2026 के समापन के बाद टीम इंडिया अपने अंतरराष्ट्रीय सत्र की शुरुआत 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर टेस्ट मैच से करेगी। इसके बाद टीम आयरलैंड, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे का दौरा करेगी और फिर अगस्त में श्रीलंका का दौरा करेगी।


