निर्भय और ईरनवीर के दम पर शिवाजी व वन्देमातरम हाउस की शानदार जीत

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। अरेरा प्रीमियर इंटर हाउस लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को अंडर-12 और अंडर-14 वर्ग के मुकाबले रोमांचक रहे। अंडर-12 वर्ग में शिवाजी हाउस ने प्रताप हाउस को 5 विकेट से हराया, जबकि अंडर-14 वर्ग में वन्देमातरम हाउस ने सत्यमेव जयते हाउस को 45 रन से शिकस्त दी। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

अंडर-12 मुकाबले में प्रताप हाउस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 68 रन बनाए। टीम की ओर से प्रथम लिंगायत ने 9 और आध्या रानाडे ने 8 रन बनाए। शिवाजी हाउस की ओर से निर्भय सिंह, आरव जाट और अभ्युदय भदौरिया ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट हासिल किए। जवाब में शिवाजी हाउस ने 5 विकेट गंवाकर 69 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। हार्दिक पटेल ने 25 और निर्भय सिंह ने 16 रन की उपयोगी पारी खेली। वन्देमातरम समिति के अध्यक्ष एवं साहित्यकार प्योज जोशी ने निर्भय सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया।

दूसरा मुकाबला अंडर-14 वर्ग में सत्यमेव जयते और वन्देमातरम हाउस के बीच खेला गया। वन्देमातरम हाउस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 152 रन बनाए। ईरनवीर सिंह ने शानदार 43 रन, वंश पुवार ने 29 और गुरप्रीत सिंह ने 15 रन का योगदान दिया। सत्यमेव जयते की ओर से रुद्राक्ष प्रताप सिंह ने 4 विकेट लेकर प्रभावी प्रदर्शन किया।

153 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सत्यमेव जयते टीम 107 रन पर ऑलआउट हो गई और 45 रन से मुकाबला हार गई। आदित्य सोलंकी ने संघर्षपूर्ण 60 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। वन्देमातरम हाउस की ओर से शानवी मंडलोई और ईरनवीर सिंह ने 3-3 विकेट झटके। अरेरा अकादमी के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ खिलाड़ी मान सिंह ने ईरनवीर सिंह को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया। प्रतियोगिता में सोमवार को अंडर-12 में पृथ्वी और प्रताप हाउस तथा अंडर-14 में सत्यमेव जयते और जयहिंद हाउस के बीच रिटर्न लीग मुकाबले खेले जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here