हॉकी विकास का राष्ट्रीय मॉडल बन रहा मध्यप्रदेश

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्यप्रदेश में विकसित हो रही आधुनिक खेल अधोसंरचना, हॉकी अकादमी प्रणाली और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही विश्वस्तरीय सुविधाओं ने प्रदेश को देश में हॉकी विकास के एक मजबूत मॉडल के रूप में स्थापित कर दिया है। इसी क्रम में हॉकी इंडिया के वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल पहुंचकर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग से सौजन्य भेंट की और प्रदेश में हॉकी के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण संचालक अंशुमान यादव, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह, कोषाध्यक्ष सेकर जे. मनोहरन तथा महानिदेशक कमांडर आर.के. श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

बैठक में प्रदेश में हॉकी के विस्तार, प्रतिभा संवर्धन, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन और सिंथेटिक टर्फ निर्माण पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मध्यप्रदेश आज देश में हॉकी प्रतिभाओं को तैयार करने का प्रमुख केंद्र बन चुका है। भोपाल में 15 से 20 मई तक आयोजित भारत-ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 अंतरराष्ट्रीय हॉकी सीरीज को युवा खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण मंच बताया गया। इस सीरीज में मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी के 10 खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन प्रदेश की मजबूत खेल प्रणाली की बड़ी उपलब्धि माना गया।

प्रदेश की हॉकी उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए बताया गया कि हॉकी इंडिया अवॉर्ड 2025 में मध्यप्रदेश हॉकी को लगातार तीसरी बार “बेस्ट स्टेट ऑफ द ईयर” सम्मान मिला है। वहीं एफआईएच जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप-2025 के लिए भी अकादमी के खिलाड़ियों ने भारतीय टीम में स्थान बनाया है। रियो ओलंपिक और टोक्यो ओलंपिक में भी मध्यप्रदेश की खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश को गौरवान्वित किया। एशिया कप-2025 में भारतीय टीम की सफलता में विवेक सागर की भूमिका को भी विशेष रूप से सराहा गया।

प्रदेश में वर्तमान में 28 अंतरराष्ट्रीय स्तर के सिंथेटिक हॉकी टर्फ विकसित अथवा निर्माणाधीन हैं। इसके साथ ही 35 फीडर सेंटर और 146 खेल स्टेडियम एवं प्रशिक्षण केंद्र खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, वैज्ञानिक फिटनेस प्रबंधन और विश्वस्तरीय खेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश भारतीय हॉकी को और अधिक अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाएं देगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here