चेन्नई। आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 180 रन बनाए, लेकिन हैदराबाद ने 19 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ हैदराबाद और गुजरात प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली टीमें बन गईं, जबकि चेन्नई की राह मुश्किल हो गई है।
हैदराबाद की जीत के हीरो ईशान किशन रहे, जिन्होंने 47 गेंदों में 70 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हेनरिक क्लासन ने भी 26 गेंदों में 47 रन बनाकर अहम योगदान दिया। अंत में सलील अरोड़ा और आर स्मरण ने तेजी से रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। चेन्नई की ओर से मुकेश चौधरी ने 2 विकेट हासिल किए।
इससे पहले चेन्नई की शुरुआत तेज रही। संजू सैमसन ने 13 गेंदों में 27 रन बनाए, जबकि कार्तिक शर्मा ने 19 गेंदों में 32 रन की तेज पारी खेली। डेवाल्ड ब्रेविस ने 27 गेंदों में 44 रन बनाकर पारी को संभाला। शिवम दुबे ने भी 26 रन जोड़े। ब्रेविस और दुबे के बीच पांचवें विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी हुई, जिससे चेन्नई सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी।
हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट झटके। साकिब हुसैन ने 2 विकेट लिए, जबकि ईशान मलिंगा और प्रफुल हिंगे को 1-1 सफलता मिली। कमिंस की सटीक गेंदबाजी ने चेन्नई को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।


