नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की तीन टीमें अब तय हो चुकी हैं, लेकिन सोमवार 18 मई को चेन्नई सुपर किंग्स की हार के बाद चौथे और आखिरी स्थान की लड़ाई बेहद दिलचस्प हो गई है। पिछले कुछ सीजन और 10 टीमों वाले फॉर्मेट में आमतौर पर प्लेऑफ में पहुंचने के लिए कम से कम 16 अंकों की जरूरत पड़ती रही है, लेकिन मौजूदा समीकरणों को देखकर अब यह संभावना बन रही है कि 14 अंक वाली टीम भी टॉप-4 में जगह बना सकती है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुके हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अब बचे हुए एक स्थान के लिए चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। अब यहां से इन पांच में से कोई भी टीम प्लेऑफ में एंट्री ले सकती है। केकेआर और राजस्थान रॉयल्स के पास दो मौके हैं। अगर राजस्थान अपने बचे हुए दोनों मैच लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीतती है तो सीधे प्लेऑफ में जाएगी और अन्य सभी टीमें बाहर हो जाएंगी। अगर एक भी मैच राजस्थान ने गंवाया तो सभी के लिए रास्ता खुल जाएगा।
प्लेऑफ की रेस में किस टीम का क्या है समीकरण?
अगर मौजूदा प्लेऑफ समीकरणों पर नजर डालें तो पंजाब किंग्स अपने आखिरी मुकाबले में जीत हासिल कर 15 अंकों तक पहुंच सकती है। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के पास भी मौका बना हुआ है, लेकिन इसके लिए टीम को अपने दोनों बचे हुए मैच जीतने होंगे, जिससे वह भी 15 अंकों तक पहुंच जाएगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स की हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स की उम्मीदों को भी नई जान मिली है, जबकि सीएसके अब भी प्लेऑफ की दौड़ से पूरी तरह बाहर नहीं हुई है। लगातार छह हार झेल चुकी पंजाब किंग्स और नीचे से वापसी करने वाली केकेआर के लिए भी रास्ते खुले हुए हैं। हालांकि इन सभी टीमों की संभावनाएं काफी हद तक राजस्थान रॉयल्स के प्रदर्शन पर निर्भर करेंगी।
अगर राजस्थान मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ हारती है या कम से कम एक मैच गंवाती है, तभी बाकी टीमों के लिए प्लेऑफ का रास्ता आसान हो सकता है। अगर राजस्थान ने अपने दोनों मैच गंवाए तो पंजाब किंग्स और केकेआर 15 अंकों के साथ प्लेऑफ की चौथी टीम बनने की दावेदार हो सकती हैं। अगर राजस्थान ने एक मैच जीता और एक हारा। साथ ही पंजाब ने आखिरी मैच में लखनऊ को मात दी और केकेआर ने मुंबई और दिल्ली को हराया तो दोनों के 15-15 अंक हो जाएंगे और वहां नेट रनरेट खेल में आएगा।
14 अंकों के साथ भी प्लेऑफ में पहुंच सकती है दिल्ली कैपिटल्स
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली कैपिटल्स की प्लेऑफ उम्मीदें अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। अगर टीम अपने आखिरी मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़े अंतर से हराने में सफल रहती है, तभी उसकी संभावनाएं मजबूत होंगी। इसके अलावा केकेआर को मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार का सामना करना होगा और राजस्थान रॉयल्स को भी अपने दोनों बचे हुए मैच गंवाने पड़ेंगे। वहीं गुजरात टाइटंस अगर अपने आखिरी लीग मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को हरा देती है, तो ऐसे समीकरण में दिल्ली कैपिटल्स 14 अंकों के साथ भी प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन सकती है।


