नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के 63वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने थीं। चेपॉक में खेले गए इस सीजन के आखिरी मुकाबले में प्लेऑफ की तस्वीर काफी हद तक तय होनी थी। चेन्नई की हार के साथ जहां सनराइजर्स हैदराबाद ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली, वहीं गुजरात टाइटंस को भी टॉप-4 का टिकट मिल गया। मुकाबला शुरू से ही बेहद रोमांचक और हाईवोल्टेज रहा। इसी दौरान मैदान पर कई तनावपूर्ण पल भी देखने को मिले, खासकर संजू सैमसन और हेनरिक क्लासेन के बीच हुई बहस ने सभी का ध्यान खींच लिया।
मैच खत्म होने के बाद 70 रन की शानदार पारी खेलने वाले इशान किशन का अलग ही अंदाज देखने को मिला। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जीत के उत्साह में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस की ओर देखकर सीटी बजाते हुए जश्न मनाया और इशारों-इशारों में स्टेडियम से जाने का संकेत भी दिया। उनका यह रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि इशान का यह अंदाज कई सीएसके समर्थकों को पसंद नहीं आया और फैंस सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी भी जाहिर कर रहे हैं।
मैदान पर क्यों भिड़े संजू सैमसन और हेनरिक क्लासेन? जानिए पूरा मामला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, संजू सैमसन ने जब हेनरिक क्लासेन को स्टंप आउट किया उसके बाद यह विवाद देखने को मिला। हो सकता है कि पहले से ही विकेट के पीछे से संजू और बल्लेबाजी कर रहे क्लासेन के बीच बातचीत जारी होगी। उसके बाद जब संजू ने बेहतरीन स्टंपिंग से उन्हें आउट किया तो साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी को यह रास नहीं आया और उन्होंने कुछ अनुचित कहा। आमतौर पर शांत रहने वाले संजू सैमसन को ऐसे किसी से भिड़ते नहीं देखा जाता है। यहां पर संजू भी गुस्से में दिखे और क्लासेन को आंख दिखाकर घूरते रहे। साथी खिलाड़ियों ने बीच-बचाव किया, नूर अहमद ने सैमसन को गले लगाया और शिवम दुबे ने क्लासेन को रोकते हुए बाहर भेजा।
सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को दी करारी शिकस्त
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 180 रन बनाए और सनराइजर्स हैदराबाद के सामने 182 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में हैदराबाद की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में 5 विकेट पर 181 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इशान किशन ने 70 रन की दमदार पारी खेली, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में भी अपनी जगह पक्की कर ली।


