नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के दौरान लगातार कई विवाद चर्चा में बने हुए हैं। सोशल मीडिया पर लीग को लेकर फिक्सिंग और सट्टेबाजी जैसे गंभीर आरोप भी समय-समय पर लगाए जा रहे हैं। इसी बीच सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के मुकाबले के बाद एक नया विवाद सामने आ गया। दरअसल मैच के टॉस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर कई यूजर्स सवाल उठा रहे हैं। इसी वजह से अब कुछ लोग टॉस को लेकर फिक्सिंग के आरोप लगा रहे हैं और इस मुद्दे पर ऑनलाइन बहस तेज हो गई है।
आखिर टॉस विवाद के पीछे क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दरअसल यूजर्स का मानना है कि वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि पैट कमिंस टॉस के समय कॉल करते हैं और टेल्स बोलते हैं। उसके बाद टॉस गेस्ट ऋतुराज गायकवाड़ की ओर टॉस जीतने का इशारा कर देते हैं। जब ऋतुराज अपना फैसला सुनाते हैं कि टॉस जीतकर वह पहले बल्लेबाजी करना चाहेंगे, इसे देख पैट कमिंस गौर से उन्हें सुनते हैं। जब यह फैसला हो जाता है फिर वह पीछे मुड़ते हैं और अपनी टीम की ओर दोनों हाथ उठाकर इशारा करते हैं कि, अब वह क्या कर सकते हैं।
टॉस के वायरल वीडियो में दिखी ये पूरी घटना
पैट कमिंस का रिएक्शन भी इस पर सवाल खड़े कर रहा है। टॉस के बाद वह साफतौर पर निराश दिख रहे हैं और उनका जो अपनी टीम की तरफ रिएक्शन था वह भी साफ दिखा। इससे यही सवाल यूजर्स खड़े कर रहे हैं कि क्या यह टॉस फिक्स था? फिलहाल कई यूजर्स का यह भी मानना है कि कमिंस ने हेड्स बोला था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वायरल वीडियो में स्टेडियम के भारी शोर के बीच दोनों तरह की आवाजें सुनाई दे रही हैं, जिसके कारण भ्रम की स्थिति बन गई है। यह भी संभव है कि तेज शोर और पैट कमिंस के बोलने के एक्सेंट की वजह से टॉस के दौरान कन्फ्यूजन पैदा हुआ हो। फिलहाल इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि सोशल मीडिया पर चल रही बातें सिर्फ अफवाह साबित होती हैं या वास्तव में टॉस के समय कोई गलती हुई थी। फिलहाल उपलब्ध वीडियो और यूजर्स की प्रतिक्रियाओं के आधार पर ही यह चर्चा हो रही है, और किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।


