नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 64वां मुकाबला मंगलवार 19 मई को राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन अब तक 12 मुकाबले खेले हैं, जिनमें टीम को छह मैचों में जीत मिली है। टीम के खाते में फिलहाल 12 अंक हैं और उसका नेट रनरेट +0.027 बना हुआ है। राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2026 की अंक तालिका में पांचवें नंबर पर है और प्लेऑफ की रेस में अभी बनी हुई है।
लखनऊ सुपर जायंट्स आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने अब तक 12 मैच खेले इसमें उसके सिर्फ आठ अंक हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स ने अब तक 12 में सिर्फ चार मैच में जीत हासिल की है। इसमें उसने दो जीत पिछले तीन मुकाबलों में हासिल की हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स -0.701 के नेट रनरेट के साथ आईपीएल 2026 की अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर है।
जयपुर में मौसम कैसा रहेगा और कैसी होगी सवाई मानसिंह स्टेडियम की पिच?
राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मैच सवाई मान सिंह स्टेडियम की पिच नंबर पांच पर खेला जाएगा। यह वही पिच है, जिसमें राजस्थान रॉयल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हुए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने शतकीय पारी खेली थी। वैभव सूर्यवंशी ने 37 गेंद में 103 रन की तूफानी पारी खेली थी। वैभव सूर्यवंशी की पारी पर हालांकि, तब पानी फिर गया जब सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स (20 ओवर में 228/6) की ओर से दिये गए 229 रन (18.3 ओवर में 229/5) के लक्ष्य को पांच विकेट शेष रहते हासिल कर लिया था। दूसरी पारी में ओस ने अहम भूमिका निभाई थी। राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मैच में भीषण गर्मी और उमस फिर बड़ा फैक्टर साबित हो सकती है।
सवाई मान सिंह स्टेडियम में अक्सर हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। आईपीएल 2026 में इस मैदान पर खेले गए तीनों मुकाबलों में पहली पारी का स्कोर 220 रन से ज्यादा रहा है। इनमें से दो स्कोर मेहमान टीमों (सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स) ने सफलतापूर्वक लक्ष्य हासिल कर लिए थे। राजस्थान रॉयल्स एकमात्र ऐसी टीम रही जो लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम (गुजरात टाइटंस के खिलाफ) रही। यही वजह रही है कि इस सीजन में इस स्टेडियम में उसका रिकॉर्ड 0-3 का हो गया। आईपीएल 2025 से अब तक लीग में इस पिच पर खेले गए 10 में से 6 मुकाबले बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं। इनमें से 4 मैच में 200 से ज्यादा रनचेज वाले थे। एक और रन की बौछार वाला मैच देखने को मिल सकता है।
राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स संभावित प्लेइंग 11
राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने बताया कि रविंद्र जडेजा घुटने में हल्की चोट (niggle) के कारण दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछला मैच नहीं खेल पाए थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने यह भी बताया कि इस समस्या से निपटने के लिए उन्हें आराम दिया गया था। उम्मीद है कि वह लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। हालांकि, टीम मैनेजमेंट की ओर से फाइनल अपडेट अब तक नहीं आया है।
हैमस्ट्रिंग में हल्की चोट के कारण रियान पराग की फिटनेस पर भी सवालिया निशान लगा हुआ है। हालांकि, पिछले मैच में इस चोट से उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं हुई थी। उन्होंने अर्धशतक भी बनाया था। माना जा रहा है कि रवि सिंह भी चोटिल हैं। रवि सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपना डेब्यू किया था। मिचेल मार्श के खिलाफ रविंद्र जडेजा एक उपयोगी विकल्प साबित हो सकते हैं, क्योंकि उन्होंने टी20 की छह पारियों में दो बार आउट किया है। इस दौरान मिचेल मार्श का स्ट्राइक रेट उनके खिलाफ केवल 97.22 रहा है। वहीं, जोफ्रा आर्चर का निकोलस पूरन के खिलाफ मैच-अप काफी अच्छा है। जोफ्रा आर्चर ने नौ पारियों में निकोलस पूरन को तीन बार आउट किया है।
राजस्थान रॉयल्स की संभावित XII: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), रविंद्र जडेजा, डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, यश राज पुंजा।
लखनऊ सुपर जायंट्स कैंप में मोहसिन खान की स्थिति पर अभी कोई स्पष्टता नहीं है। वह चोट के कारण पिछले कुछ मैच नहीं खेल पाए हैं। निजी कारणों से एडेन मार्करम के घर लौटने और लखनऊ सुपर जायंट्स के आखिरी दो मैचों के लिए अनुपलब्ध होने के कारण उनके विदेशी विकल्पों की संख्या काफी कम नजर आ रही है। एडेन मार्कराम के एकमात्र अन्य रिजर्व विदेशी बल्लेबाज, मैथ्यू ब्रीट्जके भी टीम छोड़कर जा चुके हैं। इसका मतलब है कि LSG अपने अंतिम दो मुकाबलों में प्लेइंग XII में केवल तीन विदेशी खिलाड़ियों के साथ उतर सकती है।
शाहबाज अहमद को अब तक सीमित मौके मिले हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि उनकी जगह टीम में किसे शामिल किया जाएगा? मोहम्मद शमी का रियान पराग के खिलाफ मैच-अप काफी अच्छा है। मोहम्मद शमी ने छह पारियों में रियान पराग को तीन बार आउट किया है। मोहम्मद शमी ने इसके अलावा तीन पारियों में ध्रुव जुरेल को भी दो बार पवेलियन का रास्ता दिखाया है।
लखनऊ सुपर जायंट्स की संभावित XII: मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), मुकुल चौधरी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, मयंक यादव, आकाश महाराज सिंह, प्रिंस यादव।
राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मैच की लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स
मुकाबला: IPL 2026 का 64वां मैच, राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स
मैच की तारीख: 19 मई 2026 (मंगलवार)
टॉस का समय: शाम 7:00 बजे (भारतीय समयानुसार)
मैच शुरू होने का समय: शाम 7:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
मैदान: सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर।
सीधा प्रसारण: राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मैच भारत में टीवी पर Star Sports (स्टार स्पोर्ट्स) नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर LIVE उपलब्ध होगा।
लाइव स्ट्रीमिंग: राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मैच की भारत में लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar वेबसाइट और ऐप पर उपलब्ध होगी।
राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मैच से जुड़े रोचक आंकड़े
- IPL 2026 में पावरप्ले में RR का रनरेट 11.73 रहा है। यह सभी 10 टीमों में सबसे अधिक है। LSG का मिडिल ओवर्स में सभी टीमों में सबसे कम रन-रेट (7.78) है। RR का डेथ ओवर्स में दूसरा सबसे कम (9.78) है।
- ऋषभ पंत ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL/आईपीएल) में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 13 पारियों में 403 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 40.30 और स्ट्राइक रेट 154.40 रहा है और उन्होंने चार अर्धशतक भी लगाए हैं।
- लखनऊ सुपर जायंट्स के अनकैप्ड गेंदबाजों ने 40 विकेट लिए हैं। यह IPL 2026 में किसी भी टीम के लिए सबसे ज्यादा है। सभी टीमों में उनका औसत (26.1) और इकॉनमी (8.92) भी सबसे अच्छा है।
- इस सीजन पावरप्ले के दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स का इकॉनमी रेट सबसे ऊपर (8.5) है। इस चरण में एलएसजी के तीसरे सबसे ज्यादा 22 विकेट (RCB के 27 और गुजरात टाइटंस के 26 विकेट) गिरे हैं।
- लखनऊ सुपर जायंट्स ने नंबर 4 से 7 के लिए नौ अलग-अलग विकल्पों का इस्तेमाल किया है, जो इस सीजन इस्तेमाल किये गए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकल्प (मुंबई इंडियंस ने भी इतने ही विकल्पों का इस्तेमाल किया) हैं।
- आईपीएल (IPL) 2025 के बाद से राजस्थान रॉयल्स ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में अपने आठ मैचों में से सिर्फ एक मुकाबला जीता है।
- इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी की कहानी विरोधाभासों से भरी है। जहां एक तरफ उनका पावरप्ले रन रेट 11.8 सबसे अच्छा है। वहीं दूसरी तरफ वह डेथ ओवर्स में 10.2 रन प्रति ओवर की गति से रन बनाने वाली दूसरी सबसे धीमी टीम है।
राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स का फुल स्क्वॉड
लखनऊ सुपर जाइंट्स की टीम: मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, एडेन मार्कराम, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), मुकुल चौधरी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, मयंक यादव, आकाश महाराज सिंह, प्रिंस यादव, जोश इंगलिस, मणिमारन सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह राठी, हिम्मत सिंह, आयुष बदोनी, आवेश खान, जॉर्ज लिंडे, एनरिक नॉर्खिया, मैथ्यू ब्रीट्जके, मोहसिन खान, अर्जुन तेंदुलकर, अक्षत रघुवंशी, अर्शिन कुलकर्णी, नमन तिवारी।
राजस्थान रॉयल्स की टीम: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), रवि सिंह, डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, यशराज पुंजा, दासुन शनाका, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि बिश्नोई, सुशांत मिश्रा, अमन राव पेराला, रविंद्र जडेजा, संदीप शर्मा, शिमरोन हेटमायर, तुषार देशपांडे, नांद्रे बर्गर, कुलदीप सेन, युद्धवीर सिंह चरक, क्वेना मफाका, विग्नेश पुथुर।


