अंडर-18 टीम के साथ शानदार काम कर रही हैं रानी: अंडर-21 महिला हॉकी कोच टिम व्हाइट भोपाल में बोले

0

nst news, भोपाल. भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच Tim White ने भोपाल में चल रही भारत-ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 एक्सपोजर सीरीज के दौरान देश की युवा प्रतिभाओं की जमकर सराहना की। हाल ही में भारतीय अंडर-21 महिला टीम की जिम्मेदारी संभालने वाले व्हाइट ने कहा कि अंडर-18 टीम की कोच Rani Rampal युवा खिलाड़ियों के साथ शानदार काम कर रही हैं।

व्हाइट ने कहा कि भोपाल आकर अंडर-18 खिलाड़ियों को करीब से देखना उनके लिए बेहद जरूरी था, क्योंकि यही खिलाड़ी भविष्य में सीनियर टीम की मजबूत नींव बनेंगे। उन्होंने कहा कि रानी के साथ उनकी बेहतरीन समझ बनी है और टीम में कई 15-16 वर्ष की खिलाड़ी तेजी से निखर रही हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले और दूसरे मुकाबले के बीच खिलाड़ियों के प्रदर्शन और सामंजस्य में आया सुधार काफी उत्साहजनक है।

उन्होंने बताया कि पिछले छह सप्ताह उनके लिए बेहद व्यस्त रहे, लेकिन बेंगलुरु स्थित साई सेंटर में जूनियर खिलाड़ियों के साथ काम करते हुए उन्होंने शुरुआती लक्ष्य हासिल कर लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया और बेल्जियम जैसे देशों में कोचिंग का अनुभव रखने वाले व्हाइट का मानना है कि हॉकी की मूलभूत कोचिंग हर जगह समान होती है।

व्हाइट ने कहा कि उनका उद्देश्य भारतीय जूनियर महिला टीम को आधुनिक और आक्रामक हॉकी खेलने के लिए तैयार करना है, ताकि खिलाड़ी भविष्य में सीनियर राष्ट्रीय टीम में विश्वस्तरीय प्रदर्शन कर सकें। सितंबर में चीन में होने वाले जूनियर महिला एशिया कप को ध्यान में रखते हुए टीम को मजबूत और प्रतिस्पर्धी बनाने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने यूरोप और भारत की खिलाड़ी विकास प्रणाली की तुलना करते हुए कहा कि यूरोप में क्लब सिस्टम मजबूत है, जबकि भारत में हॉस्टल और अकादमी आधारित ढांचा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here