बेंगलुरु। भारतीय क्रिकेट स्टार Virat Kohli द्वारा भारतीय हॉकी खिलाड़ियों की फिटनेस की खुलकर सराहना किए जाने के बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम के खिलाड़ियों ने इसे पूरे हॉकी समुदाय के लिए गर्व का क्षण बताया है। आरसीबी इनोवेशन लैब इंडियन स्पोर्ट्स समिट के दौरान विराट कोहली ने कहा था कि भारतीय हॉकी खिलाड़ियों की फिटनेस क्रिकेटरों से कहीं अधिक बेहतर होती है और हॉकी दुनिया के सबसे ज्यादा शारीरिक मेहनत वाले खेलों में शामिल है।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान Harmanpreet Singh ने कहा कि हाल ही में उनकी विराट कोहली से फिटनेस को लेकर लंबी चर्चा हुई थी। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने विराट को टीम के खिलाड़ियों के यो-यो टेस्ट स्कोर के बारे में बताया तो वे काफी प्रभावित हुए। हरमनप्रीत ने कहा कि विराट जैसे बड़े खिलाड़ी द्वारा हॉकी खिलाड़ियों की मेहनत और फिटनेस को पहचान मिलना पूरे हॉकी समुदाय के लिए बेहद खास है।
अनुभवी मिडफील्डर Manpreet Singh ने कहा कि आधुनिक हॉकी बेहद तेज हो चुकी है, जहां खिलाड़ियों को लगातार दौड़ना, प्रेस करना और तेजी से मूवमेंट करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि विराट कोहली ने भारतीय क्रिकेट में फिटनेस संस्कृति को नई दिशा दी और उनका अनुशासन लाखों खिलाड़ियों को प्रेरित करता है।
स्टार मिडफील्डर Hardik Singh ने कहा कि ओलंपिक और प्रो लीग जैसे टूर्नामेंट में कम समय में लगातार मैच खेलने के लिए उच्च स्तर की फिटनेस और रिकवरी जरूरी होती है। ऐसे में विराट कोहली की यह टिप्पणी हॉकी खिलाड़ियों के लिए बेहद प्रेरणादायक है। खिलाड़ियों ने दक्षिण अफ्रीका के प्रसिद्ध मानसिक प्रशिक्षक Paddy Upton की उस टिप्पणी का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने भारतीय हॉकी टीम की फिटनेस और प्रोफेशनलिज्म की जमकर तारीफ की थी।


