उम्र विवाद और 2 साल के बैन के बाद बदली किस्मत, अब इंडिया कैप पहनने को तैयार प्रिंस यादव

0

नई दिल्ली : प्रिंस यादव ने आईपीएल 2026 में 13 मैचों में 16 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है। एक समय ऐसा भी था जब शायद उन्होंने खुद नहीं सोचा होगा कि 29 साल की उम्र में उन्हें भारतीय टीम की कैप पहनने का मौका मिलेगा, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार खासकर तब जब साल 2019 में उम्र में फर्जीवाड़ा करने के आरोप में उन पर बैन लगा था। लेकिन नजफगढ़ के इस खिलाड़ी ने हार नहीं मानी और अब उनका सपना सच हो गया है। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में प्रिंस यादव का चयन किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रिंस यादव का सफर आसान नहीं रहा है इसमें कोई दो राय नहीं है। साल 2019 में उनके ऊपर उम्र में फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगा था। इसके बाद बीसीसीआई के नियमों के तहत प्रिंस पर दो साल का बैन लगा। यहां से उनका करियर खत्म हो सकता था, लेकिन अच्छी बात यह थी कि वह समय कोविड लॉकडाउन का था। इसलिए प्रिंस के करियर पर खास असर नहीं पड़ा। फिर दिल्ली प्रीमियर लीग में उनकी वापसी हुई और उन्होंने जलवा दिखाया। सवाल यह है कि उन्होंने क्यों यह फर्जीवाड़ा किया था?

प्रिंस यादव ने आखिर क्यों की थी उम्र में फर्जीवाड़े की गलती?

प्रिंस यादव की उम्र एक वक्त बढ़ रही थी और मौके नहीं मिल पा रहे थे। 2018-19 में उन्होंने एज ग्रुप सर्किट में खेलने की कोशिश की मगर ज्यादा उम्र की वजह से मौका नहीं मिला। वहां उन्होंने अपनी उम्र पांच साल कम कर दी। 2019 में वह बीसीसीआई के नियमों के तहत फंस गए और दो साल का बैन उनके ऊपर लग गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रिंस के कोच अमित वशिष्ट ने इस पर कहा,”दो साल तक क्रिकेट बंद था। भाग्यशाली थे वह कि वह बैन और कोविड लॉकडाउन का समय एक पड़ गया और उस दौरान उन्होंने सिर्फ अपनी फिटने पर ध्यान दिया।”

प्रिंस ने बैन के बाद छोटे-मोटे स्तर पर खेला लेकिन 2024 दिल्ली प्रीमियर लीग में उनकी वापसी शानदार थी। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली पुरानी दिल्ली-6 के लिए खेलते हुए प्रिंस ने 13 विकेट झटके। उसके बाद उन्हें आईपीएल 2025 के लिए ऑक्शन नें लखनऊ सुपर जायंट्स ने खरीद लिया। पिछला सीजन उनके लिए खास नहीं था, 6 मैच में वह सिर्फ 3 विकेट ले पाए थे।

आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन से चमकी प्रिंस यादव की किस्मत

आईपीएल 2026 में प्रिंस यादव की किस्मत चमकी और खासतौर से विराट कोहली के विकेट ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया। प्रिंस ने आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में विराट कोहली को खाता भी नहीं खोलने दिया और एक शानदार स्विंग होती गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैच के बाद उन्होंने बताया भी कि कैसे विराट की सलाह को ही उन्होंने उनके खिलाफ इस्तेमाल किया और उनका विकेट लिया। आईपीएल 2026 में 13 पारियों में वह 16 विकेट अभी तक झटक चुके हैं।

पिता का साथ नहीं मिला, फिर भी प्रिंस यादव ने नहीं छोड़ा क्रिकेट का सपना

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रिंस के पिता राम निवास यादव को विश्वास भी नहीं हुआ कि इतनी जल्दी सब कुछ कैसे बदल गया, लेकिन कहते हैं ना वक्त की सबसे अच्छी आदत होती है कि यह बदलता जरूर है। अब वक्त है प्रिंस यादव का, अब समय है उनके प्रिंस बनने का। इस आईपीएल सीजन लगातार प्रिंस अपने पिता के साथ टच में रहते हैं और हर दिन टीम बस में जाने से पहले घर पर कॉल करते हैं। मंगलवार को यह कॉल एक चौंकाने वाला सरप्राइज लेकर आई थी। इसमें थी प्रिंस के भारत की वनडे टीम में चुने जाने की खबर। इस तरह वह पिता जिन्होंने अपने बेटे की क्रिकेट क्षमताओं पर पहले शक किया था वह गलत साबित हुए और प्रिंस यादव ने टीम इंडिया में एंट्री पाकर अपनी काबिलियत को सही साबित किया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रिंस यादव जब 20 साल के थे उस वक्त उनकी उम्र के अन्य बच्चे सरकारी एग्जाम की तैयारी करते थे। पुलिस की तैयारी करते थे। मगर दरियापुर खुर्द में रहने वाला 20 साल का प्रिंस क्रिकेट फील्ड पर अपना भविष्य तलाश रहा था। उनका कोई गॉडफादर नहीं था। पिता राम निवास रेलवे पुलिस फोर्स में हवलदार थे। उनकी सैलरी से जैसे-तैसे घर का गुजारा होता था। वह प्रिंस को भी सरकारी एग्जाम देने और पुलिस की तैयारी करने के लिए बोलते थे।

प्रिंस की मां संतोष बेटे का समर्थन करती थीं तो पिता राम निवास का गुस्सा झेलती थीं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रिंस के पिता ने बताया था कि वह अपनी पत्नी से बोलते थे कि, “तुम प्रिंस को बिगाड़ रही हो।” प्रिंस के भाई सुरेंद्र और विक्रम ने राम निवास को समझाया और प्रिंस को क्रिकेट के लिए फ्री छोड़ने को कहा। इसके बाद दिल्ली के कोच अमित वशिष्ट को प्रिंस में वह स्पार्क नजर आया। अमित की कोचिंग में पहले से ही दिल्ली और आईपीएल में तीन खिलाड़ी जा चुके थे। यहां से उनकी किस्मत पलटना शुरू हुई।

क्या ज्यादा लंबा नहीं चल पाएगा प्रिंस यादव का क्रिकेट करियर?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रिंस यादव का अंतरराष्ट्रीय करियर शायद बहुत लंबा ना चले, क्योंकि 29 साल की उम्र में अब जाकर उन्हें भारतीय टीम में मौका मिला है। अगर वह अपनी फिटनेस बरकरार रखते हैं तो उनका करियर अगले 8-9 साल तक चल सकता है। आमतौर पर तेज गेंदबाज 36-37 साल की उम्र के बाद क्रिकेट से संन्यास ले लेते हैं। हालांकि उम्र चाहे जो भी हो, भारतीय टीम की नीली जर्सी पहनना हर खिलाड़ी के लिए सबसे बड़ा सपना होता है। अब प्रिंस यादव टीम इंडिया के लिए मैदान पर उतरने को तैयार हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here