धमाकेदार बल्लेबाजी के बाद वैभव सूर्यवंशी ने खोला अपने ‘A’ सेलिब्रेशन का राज

0

नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी का नाम आईपीएल 2026 में शुरुआत से ही सबसे ज्यादा चर्चा में बना हुआ है। 15 वर्षीय इस विस्फोटक ओपनर ने अपने शानदार प्रदर्शन से पूरी दुनिया को प्रभावित किया है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मंगलवार (19 मई) को वैभव ने 38 गेंदों पर 93 रन की तूफानी पारी खेलकर सभी का दिल जीत लिया। इस यादगार पारी के बाद उन्होंने एक खास सेलिब्रेशन भी किया, जिसे देखकर हर कोई उसका मतलब जानना चाहता था। मैच खत्म होने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने खुद अपने इस खास सेलिब्रेशन का राज खोला।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वैभव सूर्यवंशी ने मैच के बाद राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर से बातचीत की, जिसका वीडियो फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर साझा किया। इस वीडियो में रोमी भिंडर ने वैभव से उनके खास सेलिब्रेशन का मतलब पूछा। जवाब में वैभव ने कहा कि वह इसके बारे में ज्यादा किसी को बताना नहीं चाहते थे। इससे पहले प्रेजेंटेशन सेरेमनी में भी उन्होंने मुरली कार्तिक के सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया था और यह कहकर बात टाल दी थी कि वह हर मैच में कुछ नया करने की कोशिश करते हैं।

वैभव सूर्यवंशी ने बताया अपने खास सेलिब्रेशन के पीछे का असली कारण

रोमी भिंडर ने वैभव सूर्यवंशी से पूछा कि फिफ्टी पूरी करने के बाद उन्होंने उंगलियों से जो ‘A’ बनाया, वह किसके लिए था। इस पर वैभव ने बताया, “यह मैंने अपनी मम्मी को डेडिकेट किया है, उनका नाम A से है। मैं चाहता नहीं था कि यह सबको बताऊं। बस यह था कि किसी को ज्यादा ना बताऊं और इसे जारी रखूं। यह वास्तव में उनके लिए ही था।” दरअसल, वैभव सूर्यवंशी की मां का नाम आरती है और उनके नाम के पहले अक्षर ‘A’ को बनाते हुए वैभव ने यह खास सेलिब्रेशन अपनी मां को समर्पित किया।

वैभव सूर्यवंशी के तूफान में पूरी तरह बिखरी लखनऊ सुपर जायंट्स

वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में 38 गेंदों पर 93 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस शानदार पारी में उन्होंने 7 चौके और 10 छक्के लगाए। शुरुआत में वैभव थोड़ा संभलकर बल्लेबाजी करते नजर आए, लेकिन एक बार गियर बदलने के बाद उन्होंने हर गेंदबाज की जमकर धुनाई की। इसी के साथ उनके नाम इस सीजन सबसे ज्यादा 579 रन और 53 छक्के दर्ज हो चुके हैं। वैभव की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 221 रन का लक्ष्य महज 19.1 ओवर में हासिल करते हुए मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here