‘‘पूरी दुनिया तुम्हारे कदमों में होगी’’— वैभव सूर्यवंशी के कायल हुए संजीव गोयनका

0

नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी ने सिर्फ राजस्थान रॉयल्स को जीत नहीं दिलाई, बल्कि विपक्षी टीम लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका को भी उनका मुरीद बना दिया। मंगलवार 19 मई की रात जयपुर में 38 गेंदों पर 93 रन की तूफानी पारी खेलने वाले इस युवा बल्लेबाज के लिए संजीव गोयनका ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, संजीव गोयनका ने बुधवार 20 मई की सुबह करीब 11 बजे X पर वैभव सूर्यवंशी के साथ वाली तस्वीरें भी पोस्ट कीं। संजीय गोयनका ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘‘दुनिया ने तुम्हारी प्रतिभा देखी है।

देश तुममें अपना भविष्य देखता है। इतनी कम उम्र में ही तुम्हारे कंधों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी आ गई है और तुम इस जिम्मेदारी को उठाने में पूरी तरह सक्षम भी हो।’’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संजीव गोयनका ने लिखा, ‘‘अपनी मासूमियत को बनाए रखना और प्रतिभा को लगातार निखारते रहना… पूरी दुनिया तुम्हारे कदमों में होगी। तुम्हारे लिए प्रार्थनाएं, आशीर्वाद और ढेर सारा प्यार, वैभव।’’ मंगलवार रात राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मैच के बाद संजीव गोयनका खुद वैभव सूर्यवंशी को बधाई देने भी पहुंचे थे।

जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मैच के बाद संजीव गोयनका बाउंड्री रोप के पास वैभव सूर्यवंशी से बातचीत करते दिखे। उस समय वैभव सूर्यवंशी अपने प्रशंसकों को ऑटोग्राफ दे रहे थे। तब कमेंट्री कर रहे सुनील गावस्कर ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘‘मैं जल्द ही तुम्हारे लिए बोली लगाऊंगा।’’ भारतीय दिग्गज की यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है। इससे पहले वैभव सूर्यवंशी जब शतक से सिर्फ सात रन पीछे रहते हुए पवेलियन लौटे तो संजीव गोयनका और उनके साथ हेड कोच जस्टिन लैंगर ने खड़े होकर उनके लिए तालियां बजाईं। यह एक अनोखा नजारा था, क्योंकि हारी हुई टीम का का मालिक उस खिलाड़ी को खुद बधाई दे रहा था, जिसने उनकी टीम का खेल ही लगभग खत्म कर दिया था।

मंगलवार रात हालांकि, वैभव सूर्यवंशी की पारी की शुरुआत उस अंदाज में नहीं हुई जिसके लिए वह जाने जाते हैं। वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पहली 12 गेंद में सिर्फ 11 रन बनाये थे, जबकि दूसरी तरफ स्टैंड-इन कप्तान यशस्वी जायसवाल तेजी से रन बना रहे थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हालांकि, क्रीज पर जमने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने मैदान पर तहलका मचा दिया। वैभव सूर्यवंशी ने आकाश सिंह के एक ओवर में 26 रन बनाए। उसके बाद मयंक यादव के खिलाफ 29 रन ठोक दिए। वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 23 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और अगली 15 गेंद में 43 रन ठोक दिए।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘‘मैं अखबार वगैरह नहीं पढ़ता। यह तो बस शुरुआत है। अगर मेरा करियर लंबा चलता है तो मेरे बारे में बहुत कुछ कहा जाएगा। मैं बस अपने खेल पर ध्यान देना चाहता हूं और अपनी मंज़िल तक पहुंचना चाहता हूं।’’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वहीं यशस्वी जायसवाल ने कहा, ‘‘वैभव ने जिस तरह से बल्लेबाजी की, उसने तो मैच को पूरी तरह से अपने नाम कर लिया। हमने तय किया था कि हममें से किसी एक को आखिर तक बल्लेबाज़ी करनी है और उसने मैच को पूरी तरह से अपने नाम कर लिया।’’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here