प्रेस कॉन्फ्रेंस में रियान पराग का गुस्सा, बोले- “सिर्फ क्रिकेट की बातें करो”, हम भी इंसान हैं

0

नई दिल्ली : रियान पराग ने आईपीएल 2026 के बीच राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रहते हुए वेपिंग के मुद्दे पर उठे विवाद को लेकर खुद को घिरा हुआ महसूस किया था। इसके अलावा टीम के मैनेजर रोमी भिंडर पर भी डगआउट में फोन इस्तेमाल करने को लेकर कार्रवाई हुई थी। इन सभी घटनाओं की ओर इशारा करते हुए रियान पराग ने गुस्सा जताया और कमेंटेटर्स व क्रिकेट एक्सपर्ट्स को घेरा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने हिस्सा लिया और खुलकर अपने मन की बात रखी।

उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह क्या कर रहे हैं, लेकिन लोग फिर भी बातें करते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रियान पराग ने कमेंटेटर्स के लिए कहा कि बेहतर होगा कि सिर्फ क्रिकेट की ही बातें की जाएं, बजाय इसके कि खिलाड़ी क्या कर रहा है इस पर ज्यादा ध्यान दिया जाए। साथ ही उन्होंने अपने प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हर दिन एक जैसा नहीं होता, हम भी इंसान हैं।

रियान पराग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या-क्या कहा?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रियान पराग ने सबसे पहले एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, “पहले यह बता दूं कि मैं समझ चुका हूं, इससे फर्क नहीं पड़ता कि मैं क्या कर रहा हूं, लेकिन लोगों को बातें करनी ही हैं और वे करेंगे। दूसरी बात मैं यह समझ चुका हूं कि लोग कुछ भी कहें, मुझे अपने खेल और मानसिक स्थिति पर उसका असर नहीं पड़ने देना है। क्योंकि कीबोर्ड वॉरियर्स (डिजिटल मीडिया पर निशाना), जिनका काम बाहर की बातें करना है, उन्हें बाहर ही रखना चाहिए। बाकी मैं बस यही चाहता हूं कि मेरे गेम पर इसका कोई असर न पड़े।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान रॉयल्स के कप्तान ने आगे कहा,”आईपीएल में इस साल जो भी हो रहा है, बाहर भी बहुत सारी चीजें चल रही हैं। मुझे लगता है कि यह पूरा देश क्रिकेट को बहुत ज्यादा प्यार करता है। हम खिलाड़ी के तौर पर अपना बेस्ट देते हैं और अपने परफॉर्मेंस से दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करते हैं।” मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने यह भी कहा,”जब कोई टीम 75-80 पर ऑलआउट हो जाती तो यह कहना आसान है कि उन्हें खेलना नहीं आाता, लेकिन उससे पहले हुए मैच के बाद तैयारी का समय कितना था यह नहीं पता होता। हम भी अच्छा करने के लिए तैयारी करते हैं, लेकिन हम भी इंसान हैं, हमारी तरफ से भी गलतियां हो जाती हैं।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अंत में रियान पराग ने कमेंटेटर्स का जिक्र करते हुए कहा, “मुझे लगता है जो भी बाहर हो रहा है, खासतौर से कमेंटेटर्स जिनकी आवाज बाहर लोगों तक पहुंचती है, उनसे मेरी विनती है कि क्रिकेट को प्यार करें और सिर्फ क्रिकेट की बात करें। क्योंकि मुझे लगता है कि जिस खेल को देश में इतनी अहमियत दी जाती है और जिसमें हम बेस्ट हैं, उसे इज्जत मिलनी चाहिए और सिर्फ क्रिकेट की ही बातें होनी चाहिए और कुछ नहीं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here