Malaysia Masters: निराशाजनक शुरुआत, लक्ष्य सेन-प्रणय बाहर, मालविका-अश्मिता को मिली जीत

0

नई दिल्ली : कुआलालंपुर में जारी मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में 20 मई का दिन भारत के लिए निराशाजनक रहा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारत के शीर्ष वरीयता प्राप्त शटलर लक्ष्य सेन उलटफेर का शिकार हुए। आठवें वरीय लक्ष्य सेन को इंडोनेशिया के दुनिया के 38वें नंबर के खिलाड़ी मोहम्मद जकी उबैदुल्लाह ने मात दी। इसके अलावा वर्ल्ड चैंपियनशिप के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट एचएस प्रणय भी पहले राउंड में हारकर बाहर हो गए।

भारत के लिए इन दो बड़ी निराशा के बीच मालविका बंसोड़ और अश्मिता चालिहा ही उम्मीद की किरण बनकर उभरीं जिन्होंने महिला एकल में अलग-अलग मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए दूसरे दौर में जगह बनाई। पुरुष एकल में भारत के सबसे होनहार खिलाड़ी लक्ष्य सेन को जकी उबैदुल्लाह के खिलाफ 17-21, 11-21 से हार झेलनी पड़ी। पहले राउंड में ही हार के बाद वह निराशाजनक तौर पर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

चोट के बाद मालविका की शानदार वापसी

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पैर की चोट से उबरने के बाद वापसी कर रहीं मालविका ने महिला एकल स्पर्धा में जर्मनी की दुनिया की 52वें नंबर की खिलाड़ी यवोन ली को 21-17, 16-21, 21-9 से शिकस्त दी। वहीं दूसरी अश्मिता ने इंडोनेशिया की दुनिया की 56वें नंबर की खिलाड़ी थालिता रमाधनी विरियावान पर 21-16, 21-13 से हराकर आसान जीत दर्ज की। अब मालविका डेनमार्क की आठवीं वरीय लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ट से भिड़ेंगी जबकि अश्मिता का सामना मलेशिया की गोह जिन वेई से होगा।

प्रणय समेत अन्य शटलर्स ने भी किया निराश

2023 एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता एचएस प्रणय के हाथ भी पहले राउंड में निराशा लगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वह जापान के छठे वरीय कोदाई नाराओका के खिलाफ 80 मिनट तक चले मुकाबले में 17-21, 22-20, 22-24 से हार गए। इसके अलावा किरण जॉर्ज फ्रांस के सातवें वरीय एलेक्स लानियर के खिलाफ 15-21, 1-6 से पिछड़ने के बाद रिटायर हो गए। भारत के तरुण मन्नेपल्ली ने एक गेम की बढ़त गंवा दी और चीनी ताइपे के वांग पो-वेई से 21-17, 14-21, 8-21 से हार गए।

महिला एकल में अनमोल खरब कड़ा संघर्ष करने के बावजूद डेनमार्क की आठवीं वरीय लाइन क्रिस्टोफरसेन कजर्सफेल्ट से 21-13, 16-21, 19-21 से हार गईं। भारत के आशिथ सूर्या और अमृता प्रमुतेश की मिश्रित युगल जोड़ी शुरुआती दौर में इंडोनेशिया के बॉबी सेतियाबुदी और मेलाती देवा ओक्तावियांती से 13-21, 18-21 से हार गई। महिला युगल स्पर्धा में रुतापर्णा पांडा और स्वेतापर्णा पांडा बहनें रिन इवानागा और की नाकानिशी की जापानी की दूसरी वरीय और दुनिया की सातवें नंबर की जोड़ी से 7-21, 6-21 से बुरी तरह हार गईं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here