सभी टीमों की आकर्षक जर्सियों का भी हुआ अनावरण, टीमों के कप्तान और फ्रेंचाइजी भी नए जोश के साथ उतरेंगे मैदान में।
रायपुर। (NST NEWS) छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तीसरे सीजन का हाल ही में नवा रायपुर स्थित होटल मायरा में बेहद शानदार अंदाज में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में सभी टीमों की आकर्षक नई जर्सियों और फ्रेंचाइजी का अनावरण किया गया, जिसने पूरे आयोजन को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। क्रिकेट जगत की नामचीन हस्तियों, अधिकारियों और खिलाड़ियों की मौजूदगी ने इस समारोह को और खास बना दिया तथा आगामी सीजन को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर पहुंच गया।
सीसीपीएल का तीसरा संस्करण 03 जून से 14 जून 2026 तक शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस लीग के माध्यम से प्रदेश के युवा और प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने और बड़े मंच पर खुद को साबित करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।कार्यक्रम में सीएससीएस के डायरेक्टर विजय शाह ने कहा कि सीसीपीएल आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि पिछले सीजन के बाद प्रदेश के कई खिलाड़ी आईपीएल ऑक्शन तक पहुंचे, जो राज्य क्रिकेट के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सीएससीएस लगातार प्रयास कर रहा है कि हर सीजन के साथ लीग का स्तर और बेहतर हो तथा कमियों को दूर करते हुए इसे देश की उत्कृष्ट टी-20 लीगों में शामिल किया जा सके।
पूर्व सीपीएल अध्यक्ष प्रमोद शंकर शर्मा ने कहा कि केवल दो-तीन वर्षों में ही सीसीपीएल ने अपनी अलग पहचान बना ली है। उन्होंने कहा कि सीएससीएस न केवल खिलाड़ियों बल्कि सपोर्टिंग स्टाफ को भी बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है। पिछले कुछ वर्षों में छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल मुकाबलों की मेजबानी मिलने से राज्य क्रिकेट को नई पहचान मिली है और आने वाले समय में प्रदेश का नाम क्रिकेट जगत में और ऊंचा होगा।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान ने खिलाड़ियों से अपने प्रदर्शन को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ बेहतरीन कार्य कर रहा है, अब खिलाड़ियों को भी अपने प्रदर्शन से खुद को साबित करना होगा। श्री चौहान ने टेस्ट क्रिकेट को खेल की “रीढ़ की हड्डी” बताते हुए कहा कि यही प्रारूप खिलाड़ियों की असली क्षमता को निखारता है। उन्होंने यह भी कहा कि अमय खुरासिया जैसे अनुभवी और उच्च स्तरीय कोच के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी आने वाले समय में शानदार प्रदर्शन करेंगे।
सीएससीएस के डायरेक्टर बलदेव सिंह भाटिया ने रायपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल मुकाबलों की सफलता पर पूरी आयोजन टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ तेजी से अपनी पहचान बना रहा है और सीसीपीएल प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए एक उत्कृष्ट मंच साबित हो रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से इस अवसर का भरपूर लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर सीएससीएस अध्यक्ष मोहन दास, सचिव वेंटिश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सुमित गुप्ता, मुकुल तिवारी, अजय तिवारी और गुरुचरण सिंह मखीजा सहित कई गणमान्य अतिथि, खिलाड़ी और पत्रकार उपस्थित रहे।


