अहमदाबाद। आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से करारी शिकस्त दी। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली इस हार के साथ ही चेन्नई का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना भी टूट गया। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 229 रन का विशाल स्कोर बनाया, जिसके जवाब में चेन्नई की टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर सिमट गई।
गुजरात की ओर से साई सुदर्शन ने 53 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली। कप्तान शुभमन गिल ने 64 रन बनाए, जबकि जोस बटलर ने 27 गेंदों में नाबाद 57 रन ठोककर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। गिल और सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 125 रन की बड़ी साझेदारी की।
230 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर संजू सैमसन आउट हो गए। ऋतुराज गायकवाड ने 16 रन बनाए, जबकि शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 47 रन की तेज पारी खेलकर संघर्ष किया। मैथ्यू शॉर्ट ने 24 और अंशुल कंबोज ने 19 रन बनाए, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
गुजरात की ओर से मोहम्मद सिराज, राशिद खान और कगिसो रबाडा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके। इस जीत के साथ गुजरात ने अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली, जबकि चेन्नई का सीजन निराशाजनक अंत के साथ समाप्त हुआ।


