आईपीएल में युवराज सिंह का अनोखा रिकॉर्ड, एक सीजन में 2 हैट्रिक लेकिन 132 मैचों में नहीं लगाया शतक

0

नई दिल्ली : युवराज सिंह एक शानदार ऑलराउंडर थे, जिन्हें दुनिया मुख्य रूप से उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जानती है। हालांकि, जरूरत पड़ने पर उनकी गेंदबाजी भी कई बार मैच का रुख बदल देती थी। इंटरनेशनल क्रिकेट की तरह आईपीएल में भी युवराज का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा। उन्होंने इस लीग में ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जिसे अब तक कोई दूसरा खिलाड़ी दोहरा नहीं पाया है। खास बात ये है कि यह कमाल उन्होंने बल्लेबाज के तौर पर नहीं, बल्कि अपनी गेंदबाजी से किया था।

आईपीएल के एक सीजन में दो हैट्रिक लेकर छा गए थे युवराज सिंह

युवराज सिंह को आज भी आईपीएल में एक ऐसे रिकॉर्ड के लिए याद किया जाता है जो इस लीग में खेलने वाले की दिग्गज बॉलर्स तक नहीं कर पाए। युवी इस लीग के एक सीजन में दो बार हैट्रिक लेने वाले इकलौते गेंदबाज हैं और उनका ये रिकॉर्ड अब तक कोई नहीं तोड़ पाया है। युवराज सिंह ने आईपीएल में ये कमाल साल 2009 में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के लिए खेलते हुए किया था। युवी ने आरसीबी और फिर डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ हैट्रिक लिया था।

युवराज सिंह ने किया था 6 टीमों का प्रतिनिधित्व

युवराज सिंह ने अपने 12 साल के आईपीएल करियर में 6 टीमों का प्रतिनिधित्व किया था और वो एक टीम के साथ कभी लंबे वक्त तक खेलते हुए नहीं दिखे थे। साल 2008 में सबसे पहले वो किंग्स इलेवन पंजाब के साथ जुड़े थे और शुरुआत में इस टीम के लिए उन्होंने कप्तानी भी की थी, लेकिन फिर वो इस टीम से निकल गए। इसके बाद उन्होंने पुणे वॉरियर्स इंडिया, आरसीबी, दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स), सनराइजर्स हैदराबाद और आखिर में उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए खेला।

आईपीएल में कभी शतक नहीं लगा पाए युवराज सिंह

युवराज सिंह का आईपीएल करियर काफी लंबा और यादगार रहा। उन्होंने इस लीग में कुल 132 मुकाबले खेले, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि उनके बल्ले से एक भी शतक नहीं निकला। हालांकि युवराज ने 13 अर्धशतक जरूर लगाए और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 83 रन रहा। आईपीएल में उनका स्ट्राइक रेट 129.71 और बल्लेबाजी औसत 24.77 का रहा। युवराज ने अपने करियर में 217 चौके और 149 छक्के भी जड़े। वहीं गेंदबाजी में भी उन्होंने योगदान देते हुए 36 विकेट हासिल किए, जिसमें 29 रन देकर 4 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।

दो अलग-अलग टीमों के साथ चैंपियन बने थे युवराज सिंह

युवराज सिंह अपने आईपीएल करियर में दो बार चैंपियन टीम का हिस्सा रहे। साल 2016 में वह सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेले थे और उसी सीजन टीम ने आईपीएल खिताब अपने नाम किया था। उस सत्र में युवराज ने 10 मैचों में 236 रन बनाए थे। इसके बाद साल 2019 में वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा बने और उस सीजन मुंबई ने भी ट्रॉफी जीती। युवराज ने उस साल मुंबई के लिए 4 मुकाबलों में एक अर्धशतक की मदद से 98 रन बनाए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here