नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 67वां मुकाबला शुक्रवार 22 मई को सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले को लेकर फैंस में काफी उत्साह है, क्योंकि दोनों टीमें शानदार फॉर्म में नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु दोनों ही आईपीएल 2026 के प्लेऑफ के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुकी हैं, ऐसे में अब दोनों की नजरें टॉप-2 में जगह मजबूत करने पर होंगी।
अब दोनों ही टीमों में शीर्ष पर पहुंचने की जंग है। आरसीबी यदि मैच जीतती है तो वह नंबर एक पर रहते हुए प्लेऑफ में प्रवेश करेगी। एसआरएच के जीतने पर उसके शीर्ष के पहुंचने की संभावना है, लेकिन इसके लिए उसे बड़े अंतर से विजय हासिल करनी होगी। (पूरा समीकरण देखने के लिए यहां क्लिक करें।) सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 में अब तक 13 मैच खेले हैं।
इसमें से उसने आठ में जीत हासिल की है, जबकि पांच में हार का सामना किया है। आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में सनराइजर्स हैदराबाद के 16 अंक हैं और नेट रनरेट +0.350 है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी अब तक 13 मैच खेले हैं। इसमें उसके 18 अंक हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 13 में से नौ मैच में जीत हासिल की है, जबकि चार मुकाबलों में हार झेली है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु +1.065 के नेट रनरेट के साथ आईपीएल 2026 की अंक तालिका में पहले नंबर पर है।
इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अब तक 26मैच खेले गए हैं और इन मुकाबलों में दोनों का पलड़ा लगभग बराबरी का ही है। सनराइजर्स हैदराबाद ने 26 में से 14 में जीत हासिल की है, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 12 मुकाबले जीतने में सफल रही है। हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2023 के बाद से RCB के खिलाफ सिर्फ दो मैच जीते हैं, जबकि तीन में हार झेली है। हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी है। सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु दोनों ने इस मैदान पर नौ मैच खेले हैं। इसमें से एसआरएच ने छह में जीत हासिल की है, जबकि आरसीबी तीन मैच ही जीत पाई है।
हैदराबाद की पिच पर किसे मिलेगा फायदा? यहां देखें पूरी रिपोर्ट
राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होने वाले मुकाबले के लिए पिच नंबर 2 का इस्तेमाल किया जाएगा। ऐतिहासिक रूप से यह इस मैदान की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली पिचों में से एक है और दोनों टीमों में जोरदार हिटर्स भरे होने के कारण यहां रनों की बरसात होने की पूरी संभावना है।
IPL 2026 में पिछली दो बार जब इस पिच का इस्तेमाल हुआ था तो SRH ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 2 विकेट पर 242 रन और पंजाब किंग्स के खिलाफ 4 विकेट पर 234 रन बनाए थे। उसने दोनों ही मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करते हुए जीत हासिल की थी। सनराइजर्स हैदराबाद बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मैच के दौरान हैदराबाद का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहने की उम्मीद है। बारिश की भी कोई संभावना नहीं है।
हैदराबाद की संभावित प्लेइंग इलेवन पर एक नजर
सनराइजर्स हैदराबाद के सभी खिलाड़ी पूरी तरह फिट हैं। यह देखते हुए कि उन्होंने अपने पिछले दो मैच जीते हैं, टीम में किसी भी बदलाव की संभावना कम ही है। ट्रैविस हेड और साकिब हुसैन के सनराइजर्स हैदराबाद के ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के तौर पर शामिल होने की संभावना है। आईपीएल 2019 से 2024 के बीच भुवनेश्वर कुमार और अभिषेक शर्मा ने सनराइजर्स हैदराबाद में छह सीजन तक ड्रेसिंग रूम शेयर किया।
उस दौर से पहले और बाद में IPL में उनके बीच हुए कुछ ही मुकाबलों में भुवनेश्वर ने इस विस्फोटक बाएं हाथ के बल्लेबाज को ज्यादातर काबू में ही रखा है। अभिषेक शर्मा ने भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ 127.27 के स्ट्राइक रेट से 11 गेंद में सिर्फ 14 रन ही बनाए हैं। यह उनके करियर के स्ट्राइक-रेट 170.18 से काफी कम है। RCB का यह तेज गेंदबाज एसआरएच के खिलाफ मैच में भी अपनी बढ़त बनाए रखने की कोशिश करेगा। सनराइजर्स हैदराबाद की
संभावित प्लेइंग XII: ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की संभावित प्लेइंग इलेवन
धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टैंड-इन कप्तान जितेश शर्मा ने कहा था कि रजत पाटीदार हैदराबाद में वापसी करेंगे। RCB के क्रिकेट डायरेक्टर मो बोबाट ने मैच की पूर्व संध्या पर उनके फिट होने की पुष्टि की। पंजाब किंग्स के खिलाफ रजत पाटीदार की नंबर 4 की जगह वेंकटेश अय्यर को मिली थी। वेंकटेश अय्यर ने RCB के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए और प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता। अब जब रजत पाटीदार फिट हो गए हैं तो सवाल यह है कि उनकी जगह टीम से बाहर कौन होगा। वेंकटेश अय्यर ने बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आकर अच्छा प्रदर्शन किया है और जैकब बेथेल का यह सीजन कुछ खास नहीं रहा है।
संभावना है कि RCB वेंकटेश अय्यर को ओपनिंग करने के लिए भेज सकती है। वेंकटेश अय्यर को टीम में शामिल करने का दूसरा तरीका यह है कि उन्हें नंबर 7 पर रोमारियो शेफर्ड की जगह खिलाया जाए। फिल सॉल्ट की वापसी पर अब तक कोई आधिकारिक अपडेट नहीं आया है। माना जा रहा है कि फिल सॉल्ट अब तक अपनी अंगुली की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं, लेकिन उम्मीद है कि वह प्लेऑफ के लिए टीम में वापसी कर लेंगे। इस अंग्रेज खिलाड़ी ने आखिरी बार एक महीने से भी ज्यादा समय पहले मैच खेला था।
हेनरिक क्लासेन और रोमारियो शेफर्ड के बीच मिडिल ओवर्स में ‘हाई-रिस्क, हाई-रिवॉर्ड’ वाली दिलचस्प टक्कर देखी जा सकती है। हेनरिक क्लासेन ने रोमारियो शेफर्ड के खिलाफ 177.41 के स्ट्राइक रेट से 31 गेंद में 55 रन बनाए हैं। हालांकि, T20 क्रिकेट में जब भी ये दोनों पांच बार आमने-सामने हुए हैं तब क्लासेन ने दो बार अपना विकेट भी गंवाया है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की संभावित XII: जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड/सुयश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, रसिख सलाम डार, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड।
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मैच की लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स
मुकाबला: IPL 2026 का 67वां मैच, सनराइजर्स हैदराबाद बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
मैच की तारीख: 22 मई 2026 (शुक्रवार)
टॉस का समय: शाम 7:00 बजे (भारतीय समयानुसार)
मैच शुरू होने का समय: शाम 7:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
मैदान: राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, हैदराबाद।
सीधा प्रसारण: सनराइजर्स हैदराबाद बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मैच भारत में टीवी पर Star Sports (स्टार स्पोर्ट्स) नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर LIVE उपलब्ध होगा।
लाइव स्ट्रीमिंग: सनराइजर्स हैदराबाद बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मैच की भारत में लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar वेबसाइट और ऐप पर उपलब्ध होगी।
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मैच से जुड़े रोचक आंकड़े
- RCB लीग के इतिहास में लगातार दो सीजन (आईपीएल 2025 और 2026) में 70% से ज्यादा का सक्सेस रेट (जीत का प्रतिशत) रखने वाली एकमात्र टीम है।
- IPL 2026 विराट कोहली का लगातार चौथा ऐसा सीजन है, जिसमें उन्होंने 500 से ज्यादा रन बनाए हैं।
- हेनरिक क्लासेन ने 2023 से अब तक IPL में किसी भी विदेशी बल्लेबाज के मुकाबले सबसे ज्यादा रन (45.79 के औसत के साथ 1969 रन) बनाए हैं।
- हेनरिक क्लासेन IPL में 2000 रन बनाने वाले सनराइजर्स हैदराबाद के पांचवें खिलाड़ी बनने से सिर्फ 31 रन दूर हैं।
- SRH का इस सीजन अब तक डेथ-ओवर्स इकॉनमी रेट सबसे अच्छा (9.62) रहा है। उसके ठीक नीचे RCB (10.07) है।
- रजत पाटीदार का इस सीजन स्पिन के खिलाफ 214 का स्ट्राइक रेट है। यह कम से कम 50 गेंद खेलने वाले बल्लेबाजों में सबसे बेहतर स्ट्राइक रेट है।
- रजत पाटीदार IPL में 100 छक्के पूरे करने से सिर्फ एक छक्का दूर हैं।
- सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा उनसे ज्यादा पीछे नहीं हैं। अभिषेक शर्मा ने स्पिन के खिलाफ 213.22 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।
- ट्रैविस हेड चार T20 पारियों में तीन बार जैकब डफी का शिकार बने हैं। डफी के खिलाफ हेड का स्ट्राइक रेट सिर्फ 116 है। हालांकि, उनके ओपनिंग पार्टनर अभिषेक T20 में डफी के खिलाफ 242 के स्ट्राइक रेट से खेलते हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का फुल स्क्वॉड
सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम: अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे, ट्रैविस हेड, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, कामिंदु मेंडिस, जीशान अंसारी, गेराल्ड कोएत्मजी, दिलशान मदुशंका, क्रैंस फुलेट्रा, ओंकार तरमाले, आरएस अम्बरीश, अमित कुमार।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पूरी टीम: जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रसिख सलाम डार, जॉर्डन कॉक्स, अभिनंदन सिंह, स्वप्निल सिंह, कनिष्क चौहान, फिल साल्ट, विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा, मंगेश यादव, सात्विक देसवाल, रिचर्ड ग्लीसन, जैकब डफी।


