नई दिल्ली : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया। शाहीन अफरीदी की कप्तानी वाली इस टीम में कई बड़े खिलाड़ियों की वापसी हुई है। बाबर आजम, शादाब खान, नसीम शाह, हारिस रऊफ और सुफियान मोकिम को टीम में शामिल किया गया है, जो बांग्लादेश के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं थे। वहीं पाकिस्तान सुपर लीग में खराब प्रदर्शन के चलते मोहम्मद रिजवान को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है।
पाकिस्तान की टीम में तीन ऐसे खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने वनडे में अभी तक कोई मैच नहीं खेला है। ये खिलाड़ी अहमद दानियाल, अराफात मिन्हास और रोहेल नजीर है। ये सभी पहले ही टी20 में खेल चुके हैं। पीसीबी के बयान के मुताबिक उस्मान खान को बीमारी की वजह से नहीं चुना गया, जबकि मुहम्मद गाजी गोरी और नजीर दो विकेटकीपर हैं। पाकिस्तान की टीम शुक्रवार को इस्लामाबाद में ट्रेनिंग कैंप के लिए इकट्ठा होगी।
30 मई से शुरू होगी पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज
फखर जमान और सैम अयूब को भी चोट की वजह से नहीं चुना गया और दोनों रिहैबिलिटेशन जारी रखेंगे। ऑस्ट्रेलिया 23 मई को इस्लामाबाद पहुंचेगा। पहला वनडे 30 मई को रावलपिंडी में खेला जाएगा, जबकि बाकी दो मैच 2 जून और 4 जून को लाहौर में होंगे।
दो साल बाद आमने-सामने होंगी ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान की टीमें
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की टीमें आखिरी बार 2024 के अंत में द्विपक्षीय वनडे सीरीज में आमने-सामने आई थीं। उस सीरीज में पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-1 से जीत हासिल की थी। खास बात यह रही कि 22 साल बाद ऑस्ट्रेलिया की धरती पर पाकिस्तान की यह पहली वनडे सीरीज जीत थी। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम ने आखिरी बार साल 2022 में वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान का दौरा किया था, जहां मेजबान पाकिस्तान ने 2-1 से सीरीज अपने नाम की थी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम
शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), सलमान अली आगा (उप-कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, अहमद दानियाल, अराफात मिन्हास, बाबर आजम, हारिस रऊफ, माज़ सदाकत, मुहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), रोहेल नजीर (विकेटकीपर), नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, शादाब खान, शमील हुसैन और सुफियान मोकिम।


