मैनचेस्टर. मैनचेस्टर सिटी के दिग्गज कोच पेप गार्डियोला ने आधिकारिक तौर पर क्लब छोड़ने की घोषणा कर दी है। रविवार को एस्टन विला के खिलाफ होने वाला मुकाबला उनके 10 साल लंबे कार्यकाल का आखिरी मैच होगा। गार्डियोला ने कहा कि वह फिलहाल कोचिंग से ब्रेक लेकर आराम करना चाहते हैं और कुछ समय तक किसी भी टीम को ट्रेनिंग नहीं देंगे।
55 वर्षीय गार्डियोला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि लगातार हर तीन दिन में टीम को तैयार करना और खिताब की दौड़ में बने रहना बेहद ऊर्जा मांगने वाला काम है। उन्होंने माना कि अब उनके अंदर पहले जैसी ऊर्जा नहीं बची है। गार्डियोला ने कहा कि यह फैसला अचानक नहीं लिया गया, बल्कि काफी समय से उन्हें महसूस हो रहा था कि यह विदाई का सही समय है।
गार्डियोला ने शुक्रवार सुबह खिलाड़ियों को अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब टीम के साथ बड़ी उपलब्धियों के लिए लड़ाई खत्म होने लगे, तब सम्मानजनक तरीके से विदाई लेना बेहतर होता है। हाल ही में बोर्नमाउथ के खिलाफ ड्रॉ के बाद आर्सेनल के चैंपियन बनने के साथ सिटी का खिताबी सपना भी खत्म हो गया था।
पेप गार्डियोला के नेतृत्व में मैनचेस्टर सिटी ने पिछले एक दशक में कई ऐतिहासिक सफलताएं हासिल कीं और इंग्लिश फुटबॉल की सबसे मजबूत टीमों में अपनी पहचान बनाई। अब उनके जाने के बाद क्लब के नए दौर की शुरुआत होगी, जबकि फुटबॉल जगत यह देखने को उत्सुक रहेगा कि गार्डियोला भविष्य में किस भूमिका में नजर आते हैं।


