हरारे. बांग्लादेश क्रिकेट टीम जून और जुलाई 2026 में जिम्बाब्वे दौरे पर जाएगी, जहां दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। दौरे की शुरुआत 28 जून से हरारे में होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से होगी। इसके बाद वनडे मुकाबले 6, 9 और 11 जुलाई को हरारे में खेले जाएंगे, जबकि टी-20 सीरीज 15 से 19 जुलाई के बीच बुलावायो में आयोजित होगी।
दोनों टीमों के बीच अब तक 20 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें बांग्लादेश को 9 और जिम्बाब्वे को 8 जीत मिली हैं। पिछली टेस्ट सीरीज 2025 में बांग्लादेश में खेली गई थी, जो 1-1 से बराबरी पर खत्म हुई थी। जिम्बाब्वे ने हाल के वर्षों में अपने प्रदर्शन में सुधार दिखाया है और पिछले साल अफगानिस्तान के खिलाफ भी टेस्ट जीत दर्ज की थी।
बांग्लादेश का पिछला जिम्बाब्वे दौरा 2022 में हुआ था, जहां मेजबान टीम ने वनडे और टी-20 दोनों सीरीज 2-1 से जीती थीं। इस बार की सीरीज जिम्बाब्वे के लिए खास मानी जा रही है, क्योंकि यह इस साल उनकी पहली घरेलू अंतरराष्ट्रीय सीरीज होगी। टीम ने हाल ही में टी-20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार सुपर-8 चरण में जगह बनाई थी।
जिम्बाब्वे क्रिकेट के प्रबंध निदेशक गिवमोर माकोनी ने कहा कि टीम अपने घरेलू मैदानों पर फिर से शीर्ष स्तर की क्रिकेट की वापसी को लेकर उत्साहित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरारे और बुलावायो में दर्शक बड़ी संख्या में पहुंचकर टीम का समर्थन करेंगे।


