नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, हेनरिक क्लासेन और इशान किशन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 500 से अधिक रन का आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि इसलिए खास है क्योंकि ऐसा दूसरी बार हुआ है जब किसी एक ही आईपीएल सीजन में किसी टीम के तीन बल्लेबाजों ने 500+ रन बनाए हों।
इन तीनों खिलाड़ियों की लगातार रन बनाने की क्षमता ने टीम की बल्लेबाजी को बेहद मजबूत बना दिया है और वे इस सीजन की सबसे सफल तिकड़ियों में शामिल हो गए हैं। अभिषेक और क्लासेन पहले ही 500 से ज्यादा रन बना चुके थे। किशन ने 79 रनों की पारी खेलकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मैच में इस सीजन में 500 रन पूरे किए। इससे पहले 2025 में गुजरात टाइटंस के लिए कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर ने ऐसा किया था।
गिल, साई और बटलर की तिकड़ी ने पहली बार रचा था इतिहास
शुभमन गिल ने 15 मैच में 650 रन बनाए थे। साई सुदर्शन ने 15 मैच में 759 रन बनाए थे। जोस बटलर ने 13 पारियों में 538 रन बनाए। सनराइजर्स के लिए क्लासेन ने 14 मैच में 606, इशान किशन ने 14 पारियों में 569 रन बनाए हैं और अभिषेक शर्मा ने 14 पारियों में 563 रन बनाए हैं।


