लंदन. इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल उंगली में चोट के कारण IPL 2026 से बाहर हो गए हैं। अब उनकी न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 जून से लॉर्ड्स में शुरू होने वाले पहले टेस्ट में खेलने पर भी संशय पैदा हो गया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेलते हुए बेथेल को पंजाब किंग्स के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए मुकाबले के दौरान चोट लगी। बाउंड्री बचाने के प्रयास में उनके बाएं हाथ की रिंग फिंगर चोटिल हो गई। इसके बाद वह सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से बाहर रहे और डगआउट में हाथ पर पट्टी बांधे नजर आए।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने पुष्टि की है कि बेथेल स्वदेश लौटेंगे, जहां इंग्लैंड की मेडिकल टीम उनकी स्थिति का आकलन करेगी। इसके बाद ही तय होगा कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे या नहीं। बेथेल को पहले टेस्ट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करनी थी। उन्होंने जनवरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट में अपने करियर का पहला शतक लगाया था। हालांकि IPL में उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा और उन्होंने 7 पारियों में केवल 96 रन बनाए। अगर बेथेल फिट नहीं हो पाते हैं, तो समरसेट के जेम्स रियू और RCB के ही जॉर्डन कॉक्स इंग्लैंड टीम में जगह पाने के दावेदार हो सकते हैं।


