NST news, भोपाल. रांची में आयोजित 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश एथलेटिक्स अकादमी की होनहार खिलाड़ी नितिका आक्रे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला पोल वॉल्ट स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। नितिका ने 4.10 मीटर की प्रभावशाली छलांग लगाकर न केवल दूसरा स्थान हासिल किया, बल्कि एशियन गेम्स 2026 के लिए निर्धारित क्वालीफाइंग मार्क भी पूरा कर लिया।
यह प्रतियोगिता 22 से 25 मई 2026 तक रांची में आयोजित की जा रही है। नितिका के इस प्रदर्शन से मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है। इसके साथ ही उन्होंने 9 से 12 जुलाई 2026 तक चीन के ऑर्डोस में आयोजित होने वाली प्रथम एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। नितिका की इस सफलता के पीछे उनके कोच घनश्याम यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में नितिका ने लगातार मेहनत और अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने नितिका को बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिका आने वाली प्रतियोगिताओं में भी देश के लिए शानदार प्रदर्शन करेंगी। मध्यप्रदेश एथलेटिक्स अकादमी में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन दिया जा रहा है, जिसका परिणाम अब राष्ट्रीय मंच पर दिखाई देने लगा है। नितिका आक्रे की उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।


