एनएसटी न्यूज, भोपाल। रांची में 22 से 25 मई 2026 तक आयोजित 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया। पुरुष पोल वॉल्ट स्पर्धा में देव मीणा आक्रे ने 5.45 मीटर की शानदार छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया और नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया। वहीं कुलदीप कुमार ने रजत पदक हासिल किया।
देव मीणा आक्रे का प्रदर्शन राष्ट्रमंडल खेल 2026 और एशियन गेम्स 2026 के क्वालीफाइंग मानकों से भी बेहतर रहा। राष्ट्रमंडल खेलों के लिए निर्धारित क्वालीफाइंग मार्क 5.25 मीटर था, जबकि एशियन गेम्स के लिए 5.45 मीटर का मानक तय किया गया था, जिसे उन्होंने सफलतापूर्वक पार कर लिया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल जगत में खुशी का माहौल है। कोच और खेल अधिकारियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं।


