नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के लीग चरण के समाप्त होने के बाद अलग-अलग विशेषज्ञों और पूर्व खिलाड़ियों की ओर से लगातार बेस्ट प्लेइंग 11 चुनी जा रही हैं। इसी क्रम में भारत के पूर्व बल्लेबाज और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अनकैप्ड खिलाड़ियों की अपनी सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग 11 का चयन किया है। खास बात यह रही कि वैभव सूर्यवंशी का नाम लगभग हर टीम की तरह इस सूची में भी शामिल है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकाश चोपड़ा ने वैभव को ओपनर की भूमिका दी है, जबकि उनके साथ सलामी बल्लेबाज के तौर पर प्रियांश आर्या को चुना गया है।
आकाश चोपड़ा ने अपने एक्स हैंडल पर अनकैप्ड खिलाड़ी यानी जो खिलाड़ी इंटरनेशनल डेब्यू अभी तक नहीं करे हैं, उनकी बेस्ट प्लेइंग 11 बताई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने अपनी टीम में कई धाकड़ युवा खिलाड़ियों के नाम चुने हैं जो पहले से ही स्टार बन चुके हैं। इसमें वैभव और प्रियांश के अलावा, प्रभसिमरन सिंह, अंगकृष रघुवंशी और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए जलवा दिखाने वाले कार्तिक शर्मा भी शामिल हैं।
गेंदबाजी आक्रमण में इन स्टार खिलाड़ियों पर जताया भरोसा
आकाश चोपड़ा ने अपनी अनकैप्ड खिलाड़ियों की सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग 11 में प्रिंस यादव को चुना है। प्रिंस को हाल ही में आगामी अफगानिस्तान सीरीज के लिए भी वनडे टीम में जगह मिली है। यानी ज्यादा दिन तक वह अनकैप्ड नहीं रहेंगे। इसके अलावा बिहार के साकिब हुसैन को भी उन्होंने जगह दी है। साकिब हुसैन को आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद से गोपालगंज के रबाडा के नाम से भी पुकारा जाने लगा है।
आकाश चोपड़ा ने अपनी अनकैप्ड प्लेइंग XI में कार्तिक त्यागी को तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में चुना है। स्पिन विभाग में उन्होंने शिवांग कुमार और ऑलराउंडर अनुकूल रॉय पर भरोसा जताया। वहीं मिडिल ऑर्डर में नमन धीर को जगह दी गई है। इसके अलावा बेंच खिलाड़ियों में मोहसिन खान, आयुष म्हात्रे, रसिख सलाम दार और आशुतोष शर्मा के नाम शामिल हैं।
आकाश चोपड़ा ने चुनी IPL 2026 की बेस्ट अनकैप्ड प्लेइंग 11
वैभव सूर्यवंशी, प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), अंगकृष रघुवंशी, कार्तिक शर्मा, नमन धीर, अनुकूल रॉय, प्रिंस यादव, साकिब हुसैन, कार्तिक त्यागी, शिवांग कुमार।
बेंच: विजयकुमार वैशाख/मोहसिन खान, रसिख सलाम दार, आयुष म्हात्रे, आशुतोष शर्मा।


