NST NEWS, भोपाल. भोपाल में आयोजित खेलो भोपाल समर कैंप बेबी लीग फुटबॉल प्रतियोगिता के अंतर्गत बुधवार से अंडर-20 आयु वर्ग के मुकाबलों की शुरुआत हुई। पहले ही दिन खेले गए दोनों मैच बेहद रोमांचक रहे और विजेता टीमों का फैसला टाई ब्रेकर से हुआ। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला अल्फा एफसी और ब्लू लॉक एफसी के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 गोल की बराबरी पर रहीं। इसके बाद मुकाबले का फैसला टाई ब्रेकर से किया गया, जिसमें ब्लू लॉक एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 के मुकाबले 6 गोल कर जीत अपने नाम की। दूसरा मैच हाइड्रा एफसी और टाइटन एफसी के बीच खेला गया। यह मुकाबला भी निर्धारित समय तक बराबरी पर समाप्त हुआ। टाई ब्रेकर में टाइटन एफसी ने बेहतर खेल दिखाते हुए 1 के मुकाबले 3 गोल दागकर जीत हासिल की। दोनों मैचों में खिलाड़ियों की फिटनेस, टीमवर्क और आक्रामक खेल ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में भी कड़ा संघर्ष देखने को मिलेगा।


