नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए ओपनिंग करते हुए जिस तरह का धमाकेदार प्रदर्शन किया है, उसने क्रिकेट जगत में नई बहस छेड़ दी है। चर्चा का केंद्र अब यशस्वी जायसवाल भी बन गए हैं। यशस्वी ने इस सीजन 15 मैचों में 426 रन जरूर बनाए, लेकिन वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी और लगातार सुर्खियों में रहने के कारण उनका प्रदर्शन उतनी चर्चा नहीं बटोर सका। इससे पहले रविचंद्रन अश्विन ने भी कहा था कि वैभव के उभरने से यशस्वी की पहचान और प्रभाव पर असर पड़ सकता है। अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंबाती रायडू ने इस मुद्दे पर बड़ा बयान देते हुए यहां तक कह दिया कि यशस्वी को शायद दूसरी टीम के बारे में सोचना चाहिए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बातचीत के दौरान बड़ा बयान देते हुए कहा कि यशस्वी जायसवाल को शायद अपनी टीम बदलने पर विचार करना चाहिए। रायडू का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी लगातार इसी अंदाज में खेलते रहेंगे और ऐसे में हर बार चर्चा का केंद्र वही बनेंगे। रायडू के इस बयान के बाद यशस्वी को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। एक समय ऐसा था जब राजस्थान रॉयल्स के सबसे बड़े पोस्टर ब्वॉय यशस्वी जायसवाल माने जाते थे, लेकिन अब वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और लोकप्रियता के दम पर वह जगह हासिल कर ली है।
अंबाती रायडू के बयान से मची हलचल
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अंबाती रायडू ने कहा, ”उन्हें (यशस्वी को) अपनी टीम बदल लेनी चाहिए। क्योंकि वह हमेशा उस इंसान के साथ (वैभव सूर्यवंशी) ऐसे नहीं बल्लेबाजी कर सकते है और ऐसे ही हर बार दरकिनार हो सकते हैं। क्योंकि वह (यशस्वी) खुद में ही एक स्टार हैं, जब वह किसी और टीम में जाएंगे तो अपनी दम पर मैच जीतेंगे। उन्हें ऐसे स्पेस और प्लेटफॉर्म की जरूरत है।”
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सीएसके के पूर्व खिलाड़ी ने वैभव सूर्यवंशी का जिक्र करते हुए आगे कहा,”यह खिलाड़ी हमेशा ऐसा ही खेलता रहेगा और अपने साथ वाले खिलाड़ियों को दरकिनार करवाता रहेगा। इसलिए उनके साथ एक सीनियर पार्टनर होना चाहिए जो इससे निपट पाएगा और उनकी सफलता से खुश होगा, ना कि उनसे ही प्रतियोगिता करने में लग जाएगा। जायसवाल के लिए एमआई एक अच्छी टीम हो सकती है खेलने के लिए।”
IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी vs यशस्वी जायसवाल
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अब तक 15 पारियों में 45.33 की शानदार औसत और 242.86 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 680 रन ठोक दिए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 55 चौके और 65 छक्के निकले हैं, जो उनके आक्रामक अंदाज को साफ दिखाते हैं। वहीं यशस्वी जायसवाल ने भी 15 पारियों में 32.76 की औसत और 153.23 के स्ट्राइक रेट से 426 रन बनाए हैं। उनके नाम 52 चौके और 18 छक्के दर्ज हैं। किसी भी अन्य बल्लेबाज के लिए यह प्रदर्शन शानदार माना जाता, लेकिन वैभव सूर्यवंशी की रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी और लगातार मैच जिताऊ पारियों के सामने यशस्वी का प्रदर्शन फीका नजर आ रहा है।


