प्रगनानंदा ने रचा इतिहास, 15 साल बड़े वर्ल्ड नंबर-1 खिलाड़ी को हराया; गुकेश की दूसरी हार

0

नई दिल्ली : आर प्रगनानंदा ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए नॉर्वे चेस 2026 में वर्ल्ड नंबर 1 और अपने से 15 साल बड़े मैग्नस कार्लसन को एक बार फिर मात दी है। इससे पहले 2024 के इसी टूर्नामेंट में भी भारतीय खिलाड़ी ने कार्लसन को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। वहीं दूसरी ओर मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है, जिससे टूर्नामेंट में उनका सफर चुनौतीपूर्ण हो गया है। बुधवार को नॉर्वे के ओस्लो में हुए तीसरे राउंड के मैच में प्रगनानंदा ने जीत के साथ पूरे 3 अंक अर्जित किए।

जबकि डी गुकेश का हार का सिलसिला नहीं रुक पाया। अलिरेजा फिरोजा से हारने के बाद बाद उन्हें लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी है। प्रगनानंदा इससे पहले सुपरबेट चेस क्लासिक रोमानिया में भी बेहतरीन प्रदर्शन करके आए हैं। वह नॉर्वे चेस टूर्नामेंट शुरू होने से एक शाम पहले ही ओस्लो पहुंचे थे। इस जीत के साथ प्रगनानंदा के कुल 4.5 अंक हो चुके हैं। वह ओवरऑल इस टूर्नामेंट में दूसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे सिर्फ अलीरेजा फिरोजा ही हैं जिनके 7.5 अंक हैं। जबकि गुकेश लगातार अपनी लय वापस लाने में जूझ रहे हैं और वह 3.5 अंक ही अभी तक अर्जित कर पाए हैं। छह खिलाड़ियों वाले इस ओपन राउंड टूर्नामेंट में वह चौथे स्थान पर हैं।

हार के बाद गुकेश का बयान, प्रगनानंदा की जीत पर आया रिएक्शन

डी गुकेश ने अपनी हार के बाद स्वीकार किया कि पूरे मुकाबले में उनके प्रतिद्वंद्वी लगातार उनसे बेहतर स्थिति में थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने माना कि उनसे कई गलतियाँ हुईं और खेल पर उनका नियंत्रण कमजोर पड़ गया। इस साल उन्हें अपना विश्व चैंपियन खिताब जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ डिफेंड करना है, ऐसे में उनका मौजूदा फॉर्म उनके लिए चिंता का विषय माना जा रहा है। वहीं दूसरी ओर आर प्रगनानंदा ने वर्ल्ड नंबर 1 मैग्नस कार्लसन के खिलाफ शानदार जीत के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह उनके करियर की बहुत बड़ी जीत है और वह इस जीत को अपने लिए खास मानते हैं। साथ ही उन्होंने स्वीकार किया कि इस मैच में उन्हें किस्मत का भी थोड़ा साथ मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here