एनएसटी न्यूज, भोपाल। आईसेक्ट इंडिया समूह ने मध्यप्रदेश लीग (एमपीएल) टी-20 क्रिकेट 2026 के लिए अपनी नई पुरुष और महिला क्रिकेट टीम “रॉयल निमाड़ ईगल्स” का भव्य लॉन्च किया। भोपाल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में खेल जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों, खिलाड़ियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और स्पॉन्सर्स की मौजूदगी में टीम का शानदार स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में खिलाड़ियों का सम्मान, टीम जर्सी और क्रिकेट किट का अनावरण तथा “रॉयल निमाड़ ईगल्स जिंगल” लॉन्च किया गया, जिसने पूरे आयोजन को उत्साह से भर दिया। मंच पर आईसेक्ट समूह के चेयरमैन संतोष चौबे, एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, डॉ. पल्लवी राव चतुर्वेदी, प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी, टीम डायरेक्टर जी. सतीश, आईक्यूएसी डायरेक्टर नितिन वत्स और टीम मैनेजर विजय प्रताप मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान खेल और क्रिकेट के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले करीब 10 व्यक्तित्वों और टीम स्पॉन्सर्स का सम्मान भी किया गया।

आईसेक्ट समूह ने बताया कि “रॉयल निमाड़ ईगल्स” केवल एक टीम नहीं, बल्कि निमाड़ अंचल की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने की पहल है। समूह अब तक शिक्षा के क्षेत्र में रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी और डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय के माध्यम से महत्वपूर्ण कार्य करता रहा है, वहीं अब खेल क्षेत्र में भी मजबूत पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

समूह के चेयरमैन संतोष चौबे ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि रॉयल निमाड़ ईगल्स प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का मजबूत मंच बनेगी। वहीं डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि आईसेक्ट केवल टीम नहीं बना रहा, बल्कि प्रशिक्षण, फिटनेस, पोषण और खेल प्रबंधन को जोड़ते हुए एक मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार कर रहा है। इसके लिए स्कोप कैंपस में आधुनिक सुविधाओं से लैस “रॉयल ईगल्स क्रिकेट एकेडमी” भी स्थापित की गई है।
कार्यक्रम में सामाजिक पहल की घोषणा भी की गई। आईसेक्ट इंडिया ने बताया कि एमपीएल मैचों के दौरान हर सेंचुरी पर गर्ल्स एजुकेशन को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को फ्री क्रिकेट किट देने की पहल की जाएगी। आईसेक्ट समूह द्वारा प्रदेश के विभिन्न शहरों खंडवा, इंदौर, ग्वालियर, भोपाल और रीवा में ओपन ट्रायल आयोजित किए गए थे, जिनमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अब रॉयल निमाड़ ईगल्स एमपीएल 2026 में दमदार प्रदर्शन के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने जा रही है।

पुरुष टीम में कई स्टार खिलाड़ी शामिल
रॉयल निमाड़ ईगल्स पुरुष टीम की कप्तानी सारांश जैन करेंगे, जबकि हिमांशु मंत्री उपकप्तान होंगे। टीम में कुमार कार्तिकेय सिंह, आनंद सिंह बैस, प्रणित पाटीदार, पारुष मंडल, पुष्कर विश्वकर्मा, प्रारब्ध वी. मिश्रा, शिवांश चतुर्वेदी, कनिष्क दुबे, धर्मेश पटेल, कार्तिक राजोरिया, शांतनु रघुवंशी, अयान श्रीराज, अभिषेक मावी, देवेंद्र सिंह कठैत और शशांक पाटीदार जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
महिला टीम भी दिखाएगी दम
महिला टीम की कमान निकिता सिंह के हाथों में रहेगी। टीम में वैष्णवी शर्मा, यामिनी बिल्लोरे, कल्याणी जादव, सोनिया सिंह, तनिष्का सेन, दीप्ति सिंह, हर्षिता सिंह, ऋषिता जैन, खुशी यादव, जानवी राय, लक्ष्यिता माहेश्वरी, मुस्कान योगी, राशि सोनी और सलोनी पासवान जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं।


