सोहम मेहर के शानदार शतक और ऋषि यादव की घातक गेंदबाजी से मिली जीत
एनएसटी न्यूज, भोपाल। बीडीसीए द्वारा आयोजित एचएमजी कप 2026 अंडर-15 बॉयज इंटर क्लब/अकादमी क्रिकेट टूर्नामेंट में नायर क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भोपाल लेपर्ड्स क्रिकेट अकादमी को 78 रन से हराया। मुकाबला डीपीएस क्रिकेट मैदान पर खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नायर क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 281 रन बनाए। टीम की ओर से सोहम मेहर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 112 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उनके अलावा प्रखर चंद्र ने 48 रन और अंकुश विश्वकर्मा ने 38 रन का योगदान दिया। भोपाल लेपर्ड्स की ओर से आर्यमन गुप्ता और हितार्थ ने 2-2 विकेट हासिल किए।
282 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोपाल लेपर्ड्स क्रिकेट अकादमी की टीम 43.4 ओवर में 203 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए ऋषभ शर्मा ने 88 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि हितार्थ परछानी ने 29 और अनय अग्रवाल ने 25 रन बनाए। नायर क्रिकेट अकादमी की ओर से ऋषि यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। 112 रन की शानदार पारी खेलने वाले सोहम मेहर को “मैन ऑफ द मैच” चुना गया। टूर्नामेंट का अगला मुकाबला अरेरा क्रिकेट अकादमी और रेलवे गर्वित क्रिकेट अकादमी के बीच खेला जाएगा।


