नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का दूसरा क्वालिफायर शुक्रवार (29 मई) को गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले की विजेता टीम 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से फाइनल खेलेगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हालांकि न्यू चंडीगढ़ में होने वाले इस बड़े मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक टॉस से करीब आधा घंटा पहले शाम 6:30 बजे से रात 11:30 बजे तक बारिश की संभावना जताई गई है। अगर लगातार बारिश के कारण मैच धुल जाता है, तो लीग स्टेज में बेहतर स्थान पर रहने की वजह से गुजरात टाइटंस फाइनल में पहुंच जाएगी। मुकाबले के लिए अतिरिक्त समय रखा गया है, लेकिन क्वालिफायर-2 के लिए कोई रिजर्व डे निर्धारित नहीं किया गया है।
न्यू चंडीगढ़ के मौसम की बात करें तो शाम 6.30 बजे से रात 11.30 बजे तक 40 प्रतिशत बारिश की संभावना है। आईपीएल 2026 प्लेइंग कंडीशन की बात करें तो मैच पूरा कराने के लिए 120 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया है। यानी अगर मैच शाम 7.30 बजे के बजाय रात 9.30 बजे भी शुरू होता है तो ओवर नहीं कटेंगे। इसके अलावा ओवरों की कटौती कम से कम करने के लिए टाइम आउट, पारी खत्म होने के बाद के ब्रेक को भी छोटा किया जा सकता है। मैच का नतीजा निकलने के लिए जरूरी है कम से कम 5-5 ओवर का मैच होना जरूरी है।
मैच धुला तो GT को मिलेगा फाइनल का टिकट
अगर बारिश के कारण क्वालिफायर-2 मुकाबला नहीं हो पाता है, तो गुजरात टाइटंस सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी। गुजरात टीम लीग स्टेज में 18 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही थी। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के नियमों के मुताबिक मैच रद्द होने की स्थिति में ग्रुप स्टेज रैंकिंग के आधार पर फाइनलिस्ट तय किया जाता है। ऐसे में गुजरात टाइटंस को तीसरी बार आईपीएल फाइनल खेलने का मौका मिलेगा। वहीं फाइनल मुकाबले के लिए रिजर्व डे रखा गया है। अगर रविवार को फाइनल पूरा नहीं हो पाता, तो मैच को सोमवार (1 जून) को पूरा कराने की कोशिश की जाएगी।


