वर्ल्ड कप 2026 के लिए अर्जेंटीना तैयार, मेसी समेत 9 स्टार खिलाड़ी टीम में शामिल

0

नई दिल्ली: अर्जेंटीना राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए 26 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा कर दी है। कप्तान लियोनेल मेसी की अगुवाई में अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतकर इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी। विश्व कप इतिहास में आखिरी बार ब्राजील राष्ट्रीय फुटबॉल टीम ने 1962 में अपने खिताब का सफल बचाव किया था। इसके बाद से कोई भी टीम लगातार दो बार विश्व कप ट्रॉफी नहीं जीत सकी है। मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना का आक्रमण बेहद मजबूत नजर आ रहा है। उनके साथ इंटर मिलान के स्टार स्ट्राइकर लुटारो मार्टिनेज और एटलेटिको मैड्रिड के फॉरवर्ड जूलियन अल्वारेज टीम के अटैक को और घातक बनाएंगे।

वर्ल्ड कप स्क्वॉड में कई नए चेहरों की एंट्री

कोच स्कालोनी ने इस बार कुछ नए खिलाड़ियों पर भी भरोसा जताया है, जो कतर वर्ल्ड कप में टीम का हिस्सा नहीं थे। इनमें वैलेंटिन बार्को शामिल हैं, जिन्होंने यूरोप में बेहतरीन सीजन खेला। इसके अलावा जोस मैनुअल लोपेज को भी मौका मिला है। वह ब्राजील के क्लबपाल्मेरास के सेंटर-फॉरवर्ड हैं और जरूरत पड़ने पर अल्वारेज और मार्टिनेज के बैकअप के रूप में खेल सकते हैं। निको पाज को भी टीम में जगह दी गई है। उन्होंने कोमो 1907 के लिए शानदार प्रदर्शन किया है, इसलिए कोचिंग स्टाफ उन्हें काफी पसंद करता है।

क्या चोट के साथ वर्ल्ड कप खेलेंगे मेसी?

लियोनेल मेसी अपना छठा वर्ल्ड कप खेलने उतरेंगे। इंटर मियामी के लिए अपने आखिरी मैच में मेसी दिक्कत में नजर आए थे और उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा था। हालांकि, क्लब ने बताया था कि उनकी इंजरी गंभीर नहीं है और उनके बाएं हैमस्ट्रिंग की मांसपेशियों में सिर्फ थकान है। स्कालोनी ने कहा, ‘हम ट्रेनिंग कॉम्प्लेक्स में मेसी का गेम देख रहे थे, जब हमें एहसास हुआ कि उन्होंने सब्स्टीट्यूट होने के लिए कहा था। वह ठीक महसूस नहीं कर रहे थे। शुरुआती रिपोर्ट बहुत बुरी नहीं हैं। जाहिर है कि हम चाहते थे कि उन्हें कुछ भी न हुआ होता। अब हमें बस इंतजार करना होगा और देखना होगा कि चीजें कैसे आगे बढ़ती हैं। मुझे लगता है कि यह कन्फर्म करने के लिए कि क्या स्थिति सच में वैसी ही है जैसी वे कह रहे हैं, उनके और टेस्ट होंगे।’

स्कालोनी ने चैंपियन खिलाड़ियों पर फिर जताया भरोसा

चार साल पहले अर्जेंटीना को चैंपियन बनाने वाले 9 खिलाड़ियों को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है। फ्रेंको अरमानी, जुआन फोयथ, जर्मन पेजेला, मार्कोस एक्यूना, एंजेल डि मारिया, एलेजांद्रो गोमेज, गुइडो रोड्रिगेज, पाउलो डायबाला, एंजेल कोरेया और फ्रेंको मास्टैंटुओनो को इस बार टीम में शामिल नहीं किया गया है। अर्जेंटीना फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान का आगाज 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद ग्रुप जे में टीम की भिड़ंत ऑस्ट्रिया और जॉर्डन से होगा।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए अर्जेंटीना का स्क्वॉड

गोलकीपर: एमिलियानो मार्टिनेज, गेरोनिमो रूली, जुआन मुसो
डिफेंडर: लियोनार्डो बालेरडी, निकोलस टैग्लियाफिको, गोंजालो मोंटिएल, लिसेंड्रो मार्टिनेज, क्रिस्टियन रोमेरो, निकोलस ओटामेंडी, फैकुंडो मदीना, नाहुएल मोलिना
मिडफील्डर: लिएंड्रो पारेडेस, रोड्रिगो डी पॉल, वैलेन्टिन बार्को, जियोवानी लो सेल्सो, एक्सेक्विएल पालासियोस, एलेक्सिस मैक एलिस्टर , एंजो फर्नांडीज
फॉरवर्ड: जूलियन अल्वारेज, लियोनेल मेस्सी, निको गोंजालेज, थियागो अल्माडा, गिउलिआनो शिमोन, निको पाज, जोस मैनुअल लोपेज, लुटारो मार्टिनेज

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here