NST NEWS, भोपाल। बीडीसीए (भोपाल डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन) द्वारा आयोजित एचएमजी कप 2026 अंडर-15 बॉयज लिमिटेड ओवर इंटर क्लब/अकादमी क्रिकेट टूर्नामेंट में अभय गोस्वामी क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फैथ क्रिकेट क्लब को 162 रन के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। यह मुकाबला डीपीएस खेल मैदान पर खेला गया।
मैच में फैथ क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अभय गोस्वामी क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 231 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से दिव्यांश गोयल ने 52 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि वेदांत सिंह ने 48 और जीवेश शुक्ला ने 47 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। फैथ क्रिकेट क्लब की ओर से पृथ्वीराज चौहान, दिव्यांश राजपूत और मृदुल धुरिया ने एक-एक विकेट हासिल किया।
232 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फैथ क्रिकेट क्लब की टीम अभय गोस्वामी क्रिकेट अकादमी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 38.2 ओवर में मात्र 69 रन पर ऑलआउट हो गई। विजेता टीम की ओर से मयंक मंडराई ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि महेंद्र कुमार ने 2 विकेट अपने नाम किए।
अभय गोस्वामी क्रिकेट अकादमी ने यह मुकाबला 162 रन से जीतकर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए मयंक मंडराई को मैन ऑफ द मैच चुना गया। बीडीसीए के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता डॉ. सुशील सिंह ठाकुर ने बताया कि टूर्नामेंट का अगला मुकाबला रविवार सुबह 8 बजे अंकुर क्रिकेट अकादमी और रेलवे यूथ के बीच खेला जाएगा।


