भोपाल, NST NEWS। टी.टी. नगर स्टेडियम में आयोजित खेलो भोपाल समर कैंप फुटबॉल प्रतियोगिता के अंतर्गत शनिवार को अंडर-15 आयु वर्ग का मुकाबला एकतरफा रहा। ब्लू एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फैंटम फुटबॉल क्लब को 8-0 के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। मैच की शुरुआत से ही ब्लू एफसी के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और विरोधी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा। टीम की ओर से रितेश लालवानी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए चार गोल दागे, जिसमें उनकी हैट्रिक भी शामिल रही। वहीं मोहम्मद उमर खान ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इसके अलावा अमर अहमद ने एक गोल कर टीम के स्कोर को आठ तक पहुंचाया। ब्लू एफसी के खिलाड़ियों ने पूरे मैच के दौरान गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और फैंटम फुटबॉल क्लब को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। इस शानदार जीत के साथ ब्लू एफसी ने प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना और उत्कृष्ट कौशल का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।


